
तरनतारन : पंजाब के तरनतारन से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। आज, सोमवार को यहां के लॉ कॉलेज के एक छात्र ने कक्षा में घुसकर छात्रा को सिर पर गोली मार दी और उसके बाद उसने वहीं, खुद के सिर पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने लॉ कॉलेज को सील कर दिया है, साथ ही हत्या के कारणों की जांच कर रही है।
मृतका की पहचान संदीप कौर (20) के तौर पर हुई है और वह प्रथम वर्ष की छात्रा थी। जबकि आरोपी छात्र तरनतारन का प्रिंसराज सिंह बताया जा रहा है जो छात्रा के साथ ही पढ़ता था। वहीं, लड़की की मां ने आरोप लगाया कि कॉलेज से उन्हें कहा गया कि छोटा सा झगड़ा हुआ और उनकी बेटी को चोट लगी है। वह कॉलेज पहुंचे तो बेटी मरी पड़ी थी।
पुलिस की मानें तो इस घटना के पीछे की वजह सामने नहीं आई है लेकिन शुरूआती तौर पर इसे एकतरफा प्यार से जोड़कर देखा जा रहा है। इस कत्ल से जुड़ा कॉलेज के क्लासरूम का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सुबह के नौ बजे अभी क्लास शुरू नहीं हुई थी। सभी छात्र कक्षा में घूम रहे थे कि तभी आरोपी वहां दाखिल होता है। वह सीधे छात्रा संदीप कौर के पास पहुंचा, जो अपनी सहेली के साथ बैंच पर बैठी हुई थी।
आरोपी ने थोड़ी देर उससे बहस की। इसके बाद उसने पिस्टल तानी और छात्रा के सिर से सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही छात्रा नीचे गिर पड़ी। यह देख उसके साथ खड़ी सहेली भी हक्की-बक्की रह गई। वह संदीप कौर की तरफ झुकती, इससे पहले अभिराज ने दोबारा पिस्टल लोड कर ली और अपने सिर पर गोली मार ली। वह भी नीचे गिर गया। इसके बाद छात्रा ने संदीप कौर को उठाने की कोशिश की, लेकिन पॉइंट ब्लैंक रेंज से गोली मारने की वजह से उसका ब्रेन फट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
यह देखकर वह बाहर की तरफ भागी और कॉलेज मैनेजमेंट को बताने के लिए पहुंची। इसी दौरान बाकी छात्र-छात्राएं भी वहां आ गईं। जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। संदीप की मां हरजिंदर कौर ने कहा कि बेटी सुबह घर से अच्छे ढंग से तैयार होकर निकली थी। उसका किसी से कोई झगड़ा नहीं था। उसकी टीचर ने फोन कर कहा कि आपकी बेटी को बहुत चोट लगी है, जल्दी आओ।
उन्होंने कहा कि जब वह कॉलेज आई तो देखा की उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी। उसके सिर में गोली मारी गई है। हमें पता चला है कि तरनतारन का लड़का है, उसने गोली चलाई है। पिस्टल भी अंदर ही पड़ा हुआ मिला। उनका आरोप है कि पुलिस ने उन्हें बेटी के शव के पास तक जाने नहीं दिया। मृतका के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और उसके परिवार में पांच बहने और एक छोटा भाई है।
वहीं, एसीपी जगबीर ने बताया कि लड़की बैंच पर बैठी थी। अभी क्लास शुरू नहीं हुई थी। गोली लगते ही लड़की की मौत हो गई। लड़के ने खुद को भी गोली मार ली, उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां उसकी भी मौत हो गई। पुलिस जांच कर रही है कि आरोपी युवक पिस्टल कहां से लाया। पुलिस यह भी चेक कर रही है कि कहीं उसके पिता के पास लाइसेंसी पिस्टल तो नहीं है। अगर ऐसा न हुआ तो फिर यह पिस्टल अवैध हो सकता है। इसके बारे में भी जांच की जा रही है।



