
पंजाबी गायक दिवंगत सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता ने एक संगीत निर्माता और दो अन्य लोगों पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप वाली उनकी शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज नहीं किए जाने को लेकर मानसा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के खिलाफ बुधवार को प्रदर्शन किया। सिद्धू के माता-पिता की शिकायत उनके दिवंगत बेटे के रिलीज किए गए गानों के लिए बकाया रॉयल्टी भुगतान से संबंधित वित्तीय विवाद से जुड़ी है। सिद्धू मूसेवाला के नाम से मशहूर शुभदीप सिंह सिद्धू की 29 मई, 2022 को मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
बलकौर सिंह और उनकी पत्नी चरण कौर अपने छोटे बेटे के साथ मानसा में एसएसपी कार्यालय के बाहर जमीन पर बैठे तथा उन्होंने संगीत निर्माता व दो अन्य लोगों के खिलाफ अपनी शिकायत पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बलकौर ने कहा कि उन्होंने जून 2025 में पुलिस महानिदेशक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
सिद्धू की मां ने कहा, ‘न तो पुलिस मेरी शिकायत पर कोई कार्रवाई कर रही है और न ही उसे लौटा रही है। एसएसपी भी इस मामले में कोई कदम नहीं उठा रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘अगर मेरी शिकायत झूठी है, तो पुलिस को उसे लौटा देना चाहिए। बलकौर ने कहा कि पुलिस द्वारा उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई न करने के कारण उन्हें धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा। पुलिस उप महानिरीक्षक (बठिंडा) ने दंपति को बैठक के लिए बुलाया। कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा, ‘अगर पुलिस कार्रवाई नहीं करेगी, तो हमें विरोध प्रदर्शन करेंगे।



