25 लाख महिलाओं के खाते में गए 10 हजार रुपये, अब तक 1.81 करोड़ महिलाओं को मिला योजना का लाभ

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार (16 फरवरी) को 25 लाख महिलाओं के खाते में 10 हजार रुपये भेजे। यह राशि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत पात्र महिलाओं के खाते में भेजी गई। सीएम नीतीश ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए कुल 2500 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री आवास के अधिकारियों ने बताया कि सीएम ने अपने आवास से महिलाओं के खाते में पैसे ट्रांसफर किए।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना महिलाओं के बीच स्वरोजगार को बढ़ावा देकर उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर करने पर जोर देती है और उनके लिए आजीविका के साधन पैदा करने की कोशिश करती है।
अब तक 1.81 करोड़ महिलाओं को मिला लाभ
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत सितंबर 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी। अब तक इस योजना के तहत 1.81 करोड़ महिलाओं को पहली किश्त के 10 हजार रुपये मिल चुके हैं। दूसरी किश्त के लिए सरकार ने जांच शुरू कर दी है। आने वाले समय में पात्र महिलाओं को दूसरी किश्त भी दी जाएगी। सही तरीके से व्यवसाय को आगे बढ़ाने वाली महिलाओं को दो लाख रुपये तक की मदद दी जाएगी।
दूसरी किश्त का ऑडिट जारी
सीएम आवास के अधिकारियों ने बताया कि दो लाख रुपये की अतिरिक्त मदद उन्हीं महिलाओं को मिलेगी, जिन्होंने पहली किश्त के 10 हजार रुपयों का उपयोग किसी भी तरह के बिजनेस को स्थापित करने में किया है। शुरुआत में इस योजना के तहत कुल दो लाख रुपये की मदद का प्रावधान था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर अतिरिक्त दो लाख रुपये कर दिया गया है। सीएम नीतीश कुमार ने कुछ समय पहले ही ऐलान किया था कि बिहार सरकार ने दूसरी किश्त के लिए लाभार्थियों का ऑडिट शुरू कर दिया है।



