राजस्थान के भिवाड़ी में केमिकल फैक्ट्री में आग: 7 कर्मचारियों की मौत, 2 के फंसे होने की आशंका

जयपुर। राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी शहर में सोमवार को एक रसायन कारखाने में आग लगने से सात श्रमिक जिंदा जल गए और अब भी दो कर्मचारियों के फंसे होने की आशंका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना भिवाड़ी के खुशखेड़ा करौली औद्योगिक क्षेत्र की है।
पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण ने हादसे में सात लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि मरने वालों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अतिरिक्त जिलाधिकारी सुमिता मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम ने नियमित गश्त के दौरान कारखाने में आग लगी देखी जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। उन्होंने कहा, ”कारखाने में नौ लोग फंसे हुए थे। अब तक सात शव निकाले जा चुके हैं।
पीएम मोदी ने जताई मृतकों के प्रति संवेदना
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को राजस्थान के भिवाड़ी कस्बे में एक रसायन फैक्टरी में आग लगने से सात श्रमिकों की मौत की घटना पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर मोदी के हवाले से कहा कि राजस्थान के भिवाड़ी में आग लगने की घटना, दुखद और बेहद अफसोसजनक है।
मोदी ने कहा, “जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” भिवाड़ी के खुशखेड़ा-करोली औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को एक रसायन फैक्टरी में आग लगने से सात मजदूर जिंदा जल गए। दो मजदूर अब भी फैक्टरी के अंदर फंसे हुए हैं। अतिरिक्त जिलाधिकारी सुमिता मिश्रा ने बताया कि पुलिस को नियमित गश्त के दौरान घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया।



