उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्यलखनऊ

प्रधानमंत्री मोदी का सपा पर बड़ा हमला, कहा – नारी विरोधी है समाजवादी पार्टी

हरदोई : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक के संसद में पारित नहीं होने के मुद्दे पर, खासकर समाजवादी पार्टी (सपा) को आड़े हाथ लेते हुए बुधवार को कहा कि समाज को बांटने और तोड़ने की ख्वाहिश रखने वाली ‘नारी विरोधी’ सपा उत्तर प्रदेश के लोगों को ‘गाली’ देने वाली द्रमुक जैसी पार्टी के साथ खड़ी हुई और विधेयक का विरोध किया।

मोदी ने यहां 594 किलोमीटर लम्बे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करने के बाद अपने सम्बोधन में कहा कि पिछली सरकारों ने अपनी करतूतों के कारण अपराध और जंगल राज को उत्तर प्रदेश की पहचान बना दिया था और उत्तर प्रदेश के माफिया पर फिल्में बनती थी लेकिन अब उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था का देशभर में उदाहरण दिया जाता है। उन्होंने खासकर सपा पर हमलावर होते हुए कहा, ”संसाधनों की बंदरबांट करने वाले जिन सपाइयों के हाथ से सत्ता गई है, उन्हें उत्तर प्रदेश की यह प्रगति पसंद नहीं आ रही है।

वह एक बार फिर उत्तर प्रदेश को पुराने दौर में धकेलना चाहते हैं। वह एक बार फिर समाज को बांटना और तोड़ना चाहते हैं।” प्रधानमंत्री ने हाल ही में महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक के संसद में पारित नहीं होने का ठीकरा भी सपा के सिर फोड़ते हुए कहा, ”समाजवादी पार्टी विकास विरोधी भी है और नारी विरोधी भी है। अभी बीते दिनों देश में एक बार फिर सपा और कांग्रेस जैसी पार्टियों का असली चेहरा देखा।” उन्होंने कहा कि केंद्र की राजग सरकार संसद में नारी वंदन अधिनियम संशोधन विधेयक लेकर आई थी, जो अगर पारित हो जाता तो 2029 के लोकसभा चुनाव से ही महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण मिलता लेकिन सपा ने इस संशोधन विधेयक का विरोध किया।

मोदी ने कहा कि इस विधेयक के पारित होने से सभी राज्य विधानसभाओं में भी सीटों की संख्या बढ़ जाती। उन्होंने कहा, ”हमने संसद में साफ-साफ कहा था कि सभी राज्यों की सीटें एक ही अनुपात में बढ़ेंगी, लेकिन उत्तर प्रदेश को गाली देकर राजनीति करने वाली द्रमुक जैसी पार्टियों को आपत्ति थी कि उत्तर प्रदेश की सीटें क्यों बढ़ेंगी।” प्रधानमंत्री ने सपा को घेरते हुए कहा कि सपा संसद में द्रमुक के सुर में सुर मिला रही थी। उन्होंने कहा, ”सपा वाले यहां पर आपका वोट तो चाहते हैं लेकिन संसद में उत्तर प्रदेश के लोगों को गाली देने वालों के साथ खड़े हो जाते हैं।

इसीलिए उप्र के लोग कहते हैं कि समाजवादी पार्टी कभी सुधर नहीं सकती। यह लोग हमेशा महिला विरोधी राजनीति ही करेंगे। यह हमेशा तुष्टीकरण और अपराधियों के साथ खड़े रहेंगे।” मोदी ने लोगों को हिदायत देते हुए कहा कि सपा कभी परिवारवाद और जातिवाद से ऊपर उठ नहीं सकती क्योंकि वह हमेशा विकास विरोधी राजनीति करेगी, लिहाजा उत्तर प्रदेश को सपा और उसके सहयोगियों से सावधान रहना चाहिये।

 प्रधानमंत्री ने किसी का नाम लिये बगैर कहा कि वर्तमान में पूरी दुनिया युद्ध, अशांति और अस्थिरता से घिरी है और दुनिया के बड़े-बड़े देशों की हालत खराब है लेकिन भारत उसी रफ्तार से विकास की राह पर बढ़ रहा है जो बाहर के दुश्मनों तो पसंद नहीं आ रहा है ”मगर भीतर बैठे लोग भी सत्ता की भूख में भारत को नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।”

मोदी ने कहा, ”हम आत्मनिर्भर भारत के अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। हम आधुनिक अवसंरचना का निर्माण कर रहे हैं और गंगा एक्सप्रेसवे इसी दिशा में एक और मजबूत कदम है। मुझे विश्वास है गंगा एक्सप्रेसवे जिन संभावनाओं को हमारे दरवाजे तक लेकर आएगा, उत्तर प्रदेश के लोग अपने परिश्रम और प्रतिभा से उन्हें साकार करके रहेंगे। प्रधानमंत्री ने 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का बुधवार को हरदोई के मल्लावां में उद्घाटन किया। लगभग 36,230 करोड़ रुपये की कुल लागत से निर्मित गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज सहित 12 प्रमुख जिलों को जोड़ता है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button