अयोध्या मेडिकल कालेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अयोध्या मेडिकल कालेज के पूर्व प्राचार्य डॉ.ज्ञानेंद्र कुमार के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार के खिलाफ करोड़ों रुपये के सरकारी धन के गबन और वित्तीय अनियमितताओं की हाई-लेवल जांच महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा को सौंपी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अवकाश पर रहने के दौरान (जब प्रभार दूसरे अधिकारी को था) भी उन्होंने जेम पोर्टल पर टेंडर पास किए और लाखों-करोड़ों रुपये के चेकों पर हस्ताक्षर किए।
पूर्व में उन्हें प्राचार्य पद से हटाकर चिकित्सा शिक्षा महानिदेशक कार्यालय से संबद्ध किया गया था। साथ ही एक संविदा लिपिक की आत्महत्या के मामले और अकूत संपत्ति की गोपनीय विजिलेंस जांच भी उनके खिलाफ प्रचलित है।
बताते चलें प्रभुनाथ मिश्रा मेडिकल कॉलेज में सविदाकर्मी के रूप में तैनात थे। 29 जुलाई 2024 की सुबह 11:30 बजे पर्चा काउंटर पर उनकी ड्यूटी थी। इस दौरान एमबीबीएस के 2020 बैच की छात्राओं से उनका विवाद हो गया। कुछ देर बाद काफी संख्या में आए एमबीबीएस के छात्रों ने पर्चा काउंटर पर हंगामा काटा। आरोप है कि उन लोगों ने प्रभुनाथ की पिटाई भी की। सात अगस्त 2024 को प्रभुनाथ ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज दर्शननगर लाए, जहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया। अगले दिन उनकी मौत हो गई।
न्यायालय के आदेश पर सात नवंबर, 2024 को तत्कालीन प्राचार्य व दो छात्राओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई। एफआईआर में परिजनों ने बताया कि विपक्षियों ने उनके बेटे की शिकायत वापस लेने व माफी मांगने के लिए लगातार धमकाया। इसकी शिकायत प्राचार्य से की गई तो डॉ ज्ञानेंद्र कुमार ने भी उसे अपने कमरे में बुलाकर भला-बुरा कहा मारा-पीटा ।
प्रभुनाथ को आरोपी छात्राओं का पैर पकड़कर माफी मांगने के लिए विवश किया। ऐसा न करने पर छेड़छाड़ व अन्य गंभीर अपराध में फर्जी फंसाने की धमकी दी गई। इसी से आहत होकर प्रभुनाथ ने आत्महत्या कर ली। इस पूरे प्रकरण की जांच अब महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा करेंगे।



