
- भाजपा 8-14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाएगी।
- मंत्री, सांसद, विधायक मोदी सरकार की उपलब्धियां बताएंगे।
- कल्याणकारी योजनाओं के आंकड़ों से जनता को अवगत कराएंगे।
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। सरकार की उपलब्धियां बताने वाले मंत्री, सांसद एवं विधायक अब जनता के बीच आंकड़ों और ब्यौरों के साथ पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर भाजपाई आठ से 14 जून के बीच विशेष जनसंपर्क अभियान के जरिए लोगों से जुड़ेंगे।
मंत्रियों, सांसदों एवं विधायकों को रात्रि विश्राम कर न सिर्फ लोगों से संवाद स्थापित करना है, बल्कि उन्हें विकास के तमाम मानकों के आंकड़ों से भी परिचित कराया जाएगा।
मतदाताओं से पार्टी की नीतियों एवं कार्यसंस्कृति को भी साझा करेंगे
मतदाताओं से पार्टी की नीतियों एवं कार्यसंस्कृति को भी साझा करेंगे, बताएंगे कि आखिर नरेन्द्र मोदी एवं सीएम योगी की सरकार अन्य दलों की सरकारों से कैसे अलग है? इन्हीं आंकड़ों, तथ्यों एवं तर्कों की नींव पर जनप्रतिनिधि चुनावी पिरामिड खड़ा करेंगे। लोगों में यह भरोसा जगाने का प्रयास होगा कि पार्टी ‘सबका विकास, सबका प्रयास एवं सबका विश्वास’ के संकल्प को धरातल पर उतारने में सफल रही है।



