उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

CM योगी का विपक्ष पर हमला : बोले- झूठा नैरेटिव फैलाने में जुटी कांग्रेस-सपा, 2027 चुनाव के लिए बूथ अध्यक्षों को दिया मंत्र

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर में भाजपा के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दोनों दलों पर देश में झूठ का नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाया और भाजपा कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से पूरी तैयारी में जुटने का आह्वान किया।

योगी ने योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित गोरखपुर शहर और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस और सपा की “शरारती साजिशों” तथा “नकारात्मक नैरेटिव” से सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों के कुल 892 बूथ अध्यक्ष आगामी चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन को और मजबूत करें।

‘2017 से पहले सैफई सिंडिकेट का था कब्जा’

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में सपा सरकार के दौरान नौकरियों से लेकर सरकारी योजनाओं तक हर जगह “सैफई सिंडिकेट” का कब्जा था और उसी की मनमानी चलती थी। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से कहा कि कांग्रेस और सपा की साजिशों का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए अभी से कमर कस लें और जनता तक भाजपा की नीतियों व उपलब्धियों को पहुंचाएं।

‘भाजपा सत्य पर विश्वास करती है’

सीएम योगी ने कहा कि विपक्ष का सिद्धांत एक झूठ को सौ बार बोलकर सच साबित करने का है, जबकि भाजपा केवल सत्य पर विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि इसी कारण आज भाजपा जनता के बीच विश्वास का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने समाज की तुलना करते हुए कहा कि एक ओर देव, सत्य और भलाई की प्रवृत्ति होती है, जबकि दूसरी ओर दानव, असत्य और बुराई की। भाजपा सत्य, धर्म और लोककल्याण के पक्ष में खड़ी है।

‘विपक्ष अराजकता, भाजपा विकास की राजनीति करती है’

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष अराजकता, उपद्रव, गुंडागर्दी, माफियागिरी और लूट की राजनीति में विश्वास करता है, जबकि भाजपा धर्म, उत्सव, विकास और जनकल्याण के एजेंडे पर काम करती है। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्ष ने समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास किया। कांग्रेस पर एक लाख रुपये देने का झूठा वादा करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा ने आरक्षण को लेकर भी गलत नैरेटिव फैलाया।

आंबेडकर, रविदास और पटेल के सम्मान का किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, महर्षि वाल्मीकि और संत रविदास को सम्मान देने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने किया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान का सम्मान करते हुए उनकी विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा का निर्माण भी भाजपा सरकार ने कराया।मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा ने सरदार पटेल तथा डॉ. आंबेडकर के बजाय जिन्ना का महिमामंडन किया।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button