उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्यलखनऊ

‘इंटरनेट, ब्लूटूथ या Wi-Fi से नहीं जुड़ी होती EVM’… लखनऊ में CEC ज्ञानेश कुमार का बड़ा बयान, युवाओं को फेक न्यूज से भी किया सावधान

लखनऊ। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को कहा कि ‘इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन’ (ईवीएम) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों द्वारा निर्मित की जाती हैं और वे इंटरनेट, ‘ब्लूटूथ’ या ‘वाई-फाई’ से जुड़ी नहीं होती हैं।

एक बयान के मुताबिक कुमार ने अपने दो दिवसीय लखनऊ दौरे के दौरान यहां ‘कॉल्विन तालुकेदार्स कॉलेज’ में विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के दौर में भ्रामक सूचनाओं और ‘फेक न्यूज’ से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना को स्वीकार करने से पहले उसके स्रोत और सत्यता की जांच करना आवश्यक है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा करने के साथ ही भारतीय लोकतंत्र, चुनावी प्रक्रिया, ईवीएम की विश्वसनीयता, ‘फेक न्यूज’ से सतर्कता और युवा मतदाताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। ईवीएम से संबंधित सवालों पर उन्होंने स्पष्ट किया, ”भारतीय ईवीएम सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों द्वारा निर्मित की जाती हैं और वे इंटरनेट, ब्लूटूथ या वाई-फाई से जुड़ी नहीं होती हैं।”

उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 326 का उल्लेख करते हुए युवाओं से लोकतंत्र में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले विद्यार्थियों से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की अपील की। कुमार ने बताया कि निर्वाचन आयोग के डिजिटल माध्यमों के जरिए मतदाता पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं मतदाता बनें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने 1979 के अपने छात्र जीवन, अपने शिक्षकों और विद्यालय से जुड़ी स्मृतियों को साझा करते हुए कहा, ”आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें विद्यालय और उनके गुरुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।” उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेलकूद जीवन में समान रूप से महत्वपूर्ण हैं तथा विद्यार्थियों को दोनों क्षेत्रों में संतुलन बनाकर आगे बढ़ना चाहिए।

कुमार ने बताया कि अमेरिका जाने की तैयारी के दौरान उनकी माताजी की इच्छा और मातृभूमि के प्रति लगाव ने उन्हें देश में रहकर जनसेवा करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने आईएएस की परीक्षा उत्तीर्ण की और केरल कैडर से प्रशासनिक सेवा की शुरुआत की। कुमार ने कहा कि देश सेवा की इसी यात्रा ने उन्हें आज विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के मुख्य निर्वाचन आयुक्त के दायित्व तक पहुंचाया है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा, ”भारत में करीब 100 करोड़ मतदाता हैं और इतनी बड़ी आबादी के लिए चुनाव कराना अपने आप में एक विशाल कार्य है।” उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने में बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी जिम्मेदारी निभाते हैं तथा निर्वाचन आयोग संविधान, कानून और निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि यदि युवा जागरूक होकर मतदान प्रक्रिया में भाग लेते हैं, तो लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने भी मुख्य निर्वाचन आयुक्त से चुनावी प्रक्रिया और लोकतंत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका उन्होंने विस्तार से जवाब दिया।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button