उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे लखनऊ, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का किया उद्घाटन

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का किया उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। सभी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

इसके पहले चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक ने उनका स्वागत किया। अमित शाह बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति का मंत्र देंगे। अमित शाह के लखनऊ पहुंचने से पहले ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि अमित शाह का मार्गदर्शन मिलेगा और 2027 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ता नए उत्साह के साथ मैदान में उतरेंगे। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि नए प्रदेश संगठन के गठन के बाद पंकज चौधरी के नेतृत्व में प्रदेश कार्यसमिति की यह पहली बैठक है। अमित शाह कुशल राजनीतिक रणनीतिकार हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश में कई अभियानों का नेतृत्व किया है और हर बार पार्टी को बड़ी जीत मिली है।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के लिए अभिभावक के समान हैं। वह प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन करेंगे और प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को नई ऊर्जा तथा मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा को किसी भ्रम में नहीं रहना चाहिए। उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा के साथ है और पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करेगी।

भाजपा सांसद रवि किशन ने अमित शाह के दौरे को लेकर कहा कि राजनीति के चाणक्य आ रहे हैं। कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और यहां मेला लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि अमित शाह के पैर बहुत शुभ हैं। बंगाल के चुनाव में भी वह उनके साथ थे और जहां उन्होंने कदम रखा, वहां पार्टी के पक्ष में माहौल बना।

भाजपा सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि अमित शाह पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने और उनका मार्गदर्शन करने आ रहे हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही पार्टी आज इस मुकाम तक पहुंची है। प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप 2027 तक विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प की शुरुआत आज से होगी।

भाजपा विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश भर से आए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सभागार खचाखच भरा है। यह सभी कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और उमंग का अवसर है। वहीं, मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि संगठनात्मक दृष्टि से प्रदेश कार्यसमिति की यह महत्वपूर्ण बैठक है, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री का मार्गदर्शन मिलेगा।

भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि चुनाव नजदीक हैं और ऐसे समय में अमित शाह का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण है। आगामी चुनावों में उनकी रणनीति का प्रभाव देखने को मिलेगा। पार्टी 300 से अधिक सीटों के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही है।

केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने भी कहा कि अमित शाह के आने से प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की गरिमा बढ़ी है और पार्टी मिलकर प्रदेश में फिर सरकार बनाने के लिए काम करेगी। भाजपा के राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने भी अमित शाह के आगमन पर उत्साह जताते हुए कहा कि पार्टी के समर्थन में जबरदस्त लहर चलने वाली है। भाजपा के संगठनात्मक और चुनावी रणनीतिकार माने जाने वाले अमित शाह का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

माना जा रहा है कि इस दौरान अमित शाह संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के साथ बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने और चुनावी अभियान की रूपरेखा पर मार्गदर्शन देंगे। बैठक में खास तौर पर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी के मुकाबले भाजपा की चुनावी रणनीति, विपक्ष के मुद्दों का जवाब देने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के तौर-तरीकों पर चर्चा होने की संभावना है। पार्टी किस मुद्दे और संदेश के साथ जनता के बीच जाएगी, चुनाव प्रचार की दिशा क्या होगी और कार्यकर्ताओं की भूमिका किस तरह तय की जाएगी, इन विषयों पर भी मंथन होगा। बैठक का समापन सत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button