
पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) को सेना के ठिकानों से जुड़ी गोपनीय जानकारी भेजने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। इस मामले में सेना के दो जवानों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
गिरफ्तार महिला की पहचान फरीदकोट निवासी गुरनूर सिद्धू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हुसैनीवाला बॉर्डर रोड पर निर्माणाधीन पुल के पास से गिरफ्तार किया। फिलहाल, उससे पूछताछ की जा रही है।
सैन्य क्षेत्रों और छावनियों की जानकारी साझा करने की आशंका
पुलिस के मुताबिक, उसे गुरुवार को सूचना मिली थी कि आरोपी पाकिस्तान की एजेंसियों के साथ सैन्य क्षेत्रों और छावनियों से जुड़ी गोपनीय जानकारी शेयर करने की साजिश रच रहे हैं। पुलिस के बयान के मुताबिक, भारत-चीन सीमा पर तैनात सेना के दो जवानों ने कथित तौर पर संवेदनशील जानकारी जुटाई, जबकि सिद्धू ने मोबाइल फोन, टैबलेट और इंटरनेट के ज़रिए इसे आगे भेजने में मदद की।
फ़ज़िल्का के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) पुलिस स्टेशन में तीनों आरोपियों के खिलाफ ‘ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट’ की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि क्या फरीदकोट सैन्य छावनी से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान तक पहुंचाई गई थी। पुलिस के अनुसार, मामले की आगे जांच जारी है। जांच के दौरान कथित जासूसी नेटवर्क के दायरे और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।



