यूपी चुनाव से पहले आज बीजेपी को लगने वाला है बड़ा झटका, पूर्व सांसद राजपाल सैनी सपा में होंगे शामिल

मुजफ्फरनगर: लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा के मंचों से गायब नजर आ रहे पूर्व सांसद राजपाल सैनी आज सपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। समर्थकों के साथ वह लखनऊ पहुंच गए हैं। माना जा रहा है कि वह आज अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने इसकी पुष्टि की है। जिलाध्यक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की है।
मीरापुर से टिकट के हैं दावेदार
राजपाल सैनी को मीरापुर विधानसभा सीट पर टिकट का दावेदार माना जा रहा है। हालांकि पार्टी की तरफ से इस सीट के लिए किसी उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया गया है। इससे पहले वह जिले की खतौली सीट से भी चुनाव लड़ चुके हैं।
कई पार्टियों में रह चुके हैं सैनी
पूर्व सांसद राजपाल सैनी पहले भी सपा में रह चुके हैं। साल 2023 में वह राष्ट्रीय लोकदल (RLD) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए थे। इससे पहले वह अगस्त 2021 में बहुजन समाज पार्टी (BSP) छोड़कर समाजवादी पार्टी (SP) में शामिल हुए थे। बाद में सपा-रालोद गठबंधन के तहत उन्होंने 2022 का खतौली विधानसभा चुनाव रालोद के टिकट पर लड़ा था।



