उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

अखिलेश का भाजपा पर वोट चोरी की साजिश का आरोप, बोले- एक नाम की कई जिलों में एंट्री, वाल्मीकि जयंती पर अवकाश बहाल करने का वादा

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मतदाता सूची में हेराफेरी और वोटों की चोरी की साजिश रचने का आरोप लगाया। यादव ने निर्वाचन आयोग से मतदाता सूची को आधार से अनिवार्य रूप से जोड़ने तथा मतदान केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था करने की मांग की।

यादव ने पार्टी राज्य मुख्यालय पर संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मतदाता सूची की पड़ताल के दौरान कई चौंकाने वाले मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में एक ही व्यक्ति के नाम पर सैकड़ों स्थानों पर मतदाता प्रविष्टियां दर्ज हैं।

उन्होंने कहा, ”सुनीता पत्नी राजेश, जिनकी उम्र 42 वर्ष है, के नाम की प्रविष्टि 420 जगह मिली है। उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में दो नामों की पड़ताल करने पर कुल 2,341 प्रविष्टियां मिली हैं। इसी तरह राजकुमारी पत्नी राजकुमार के नाम की प्रविष्टियां 315 जगह मिली हैं और अन्य गणना के आधार पर यह संख्या 1,627 तक पहुंचती है।”

सपा प्रमुख ने सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र में दशरथ नाम के व्यक्ति के नाम पर 100 से अधिक फॉर्म भरे जाने और विकास नाम के युवक का नाम कई मतदान केंद्रों की सूची में होने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि इन मामलों की जानकारी निर्वाचन आयोग को दिए जाने के बाद कार्रवाई शुरू हुई है। यादव ने कहा कि निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है कि किसी पात्र मतदाता का नाम छूटे नहीं और किसी व्यक्ति के कई स्थानों पर नाम दर्ज न हों। उन्होंने कहा कि तकनीक के इस्तेमाल से मतदाता सूची की विसंगतियों को दूर किया जा सकता है।

आधार लिंकिंग और बायोमेट्रिक सत्यापन की मांग

सपा प्रमुख ने मांग की कि मतदाता सूची को आधार से अनिवार्य रूप से जोड़ा जाए और मतदान केंद्रों पर उंगलियों के निशान तथा आंखों की पुतली के सत्यापन के लिए उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा, ”अगर ऐसा नहीं होता है तो इसका मतलब है कि निर्वाचन आयोग और भाजपा के दिलोदिमाग में बेईमानी है।” यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के जरिए आगामी विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने की साजिश रच रही है।

पंचायत चुनाव नहीं होने पर भी उठाए सवाल

सपा प्रमुख ने प्रदेश में पंचायत चुनाव नहीं होने को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने यह भी दावा किया कि इसी वजह से प्रदेश में पंचायत चुनाव नहीं कराए गए, क्योंकि स्थानीय स्तर पर मतदाताओं की पहचान करना और कथित अनियमितताओं को पकड़ना आसान होता। सपा प्रमुख ने कहा, ”मुझे तो कभी-कभी यह भी लगता है कि भाजपा ने प्रदेश में पंचायत चुनाव इसलिए नहीं होने दिया क्योंकि ग्राम प्रधान एक-एक मतदाता को पहचानते हैं जिससे भाजपा की चोरी, हेराफेरी, डकैती और बेईमानी का पता लग जाता, इसलिए साजिश की गई और पंचायत चुनाव नहीं होने दिया गया।”

कई नेताओं ने थामा सपा का दामन

इस दौरान यादव ने विभिन्न नेताओं के सपा में शामिल होने का स्वागत करते हुए कहा कि इससे पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्गों की एकजुटता मजबूत होगी। उन्होंने पूर्व मंत्री दारा सिंह प्रजापति, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी राम बहादुर और बदायूं की बिसौली सीट से पूर्व विधायक कुशाग्र सागर का पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के पार्टी में शामिल होने से पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक यानी पीडीए वर्गो की एकजुटता मजबूत होगी।

वाल्मीकि जयंती पर अवकाश बहाल करने का वादा

उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर वाल्मीकि जयंती पर सार्वजनिक अवकाश बहाल किया जाएगा और सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष योजनाएं लाई जाएंगी। यादव ने आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने का भी वादा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था के जरिए आरक्षण के प्रावधानों को कमजोर किया जा रहा है और कर्मचारियों का शोषण हो रहा है। सपा प्रमुख ने कहा कि वाल्मीकि समाज के जिन लोगों के पास अपनी कॉलोनियों में मकानों का मालिकाना हक नहीं है, उन्हें भविष्य में यह अधिकार देने के लिए योजना बनाई जाएगी।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button