UP Cabinet meeting : योगी कैबिनेट के 22 प्रस्ताव पास, कर्मचारियों को कैशलेस इलाज की सुविधा, लखनऊ-हरदोई में बनेगा टेक्सटाइल पार्क

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में 22 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में शिक्षा विभाग के कर्मचारियों और उनके आश्रितों को कैशलेस इलाज की सुविधा देने, प्रयागराज में हाईकोर्ट के अधिकारियों के लिए आवास बनाने और साइबर सुरक्षा ऑपरेशन सेंटर स्थापित करने समेत कई अहम फैसले लिए गए।
कैबिनेट ने माध्यमिक और संस्कृत विद्यालयों के कर्मचारियों के साथ बेसिक शिक्षा विभाग के कर्मचारियों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इससे संबंधित कर्मचारियों को इलाज के खर्च के लिए राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, प्रयागराज में हाईकोर्ट के अधिकारियों के लिए 845 आवास बनाने के प्रस्ताव को वित्तीय मंजूरी दी गई है। इसके अलावा प्रदेश में साइबर सुरक्षा ऑपरेशन सेंटर की स्थापना का रास्ता भी साफ हो गया है।
औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ और हरदोई में 1,000 एकड़ क्षेत्रफल में टेक्सटाइल पार्क बनाया जाएगा। इसके लिए मास्टर डेवलपर के चयन संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही PRAGATI रोबोटिक्स पार्क की स्थापना के प्रस्ताव पर भी कैबिनेट ने मुहर लगाई।
बैठक में प्रयागराज में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इन फैसलों के जरिए सरकार ने शिक्षा कर्मचारियों के कल्याण, औद्योगिक विकास, तकनीकी क्षेत्र और महिलाओं की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर कदम बढ़ाया है।



