
तेल अवीव: इजरायल की प्रमुख रक्षा कंपनी रफेल एयवांस्ड डिफेंस सिस्टम्स ने एक नई लंबी दूरी की क्रूज मिसाइल ‘सुपर आइस’ का अनावरण किया। यह मिसाइल अपने पिछले वर्जन की तुलना में कहीं अधिक शक्तिशाली वारहेड ले जाने और लंबी दूरी तक मार करने में सक्षम है। कंपनी के मुताबिक, सुपर आइस मिसाइल में करीब 454 किलोग्राम (1,000 पाउंड) का वारहेड लगाया जा सकता है, जो अमेरिकी मार्क-83 बम के बराबर है।
कई प्लेटफॉर्म से दागा जा सकता है
कंपनी के मुताबिक इस मिसाइल को लड़ाकू विमानों, नौसैनिक पोतों और जमीन आधारित लॉन्चरों सहित अलग-अलग प्लेटफॉर्म से दागा जा सकता है। कंपनी का कहना है कि इससे सैन्य अभियानों के संचालन में मदद मिलेगी। रफेल द्वारा पहले विकसित की गई क्रूज मिसाइलों—जैसे ‘आइस ब्रेकर’ और ‘सी ‘ब्रेकर’—में 250 पाउंड तक का वॉरहेड ले जाने की क्षमता थी और इनकी रेंज 300 किलोमीटर तक मार करने की थी। इसके मुकाबले सुपर आइस लगभग चार गुना भारी वारहेड ले जाने में सक्षम है।
सैन्य अभियानों की जरूरतों के मुताबिक तैयार किया गया
हालांकि, कंपनी ने अभी तक सुपर आइस की सटीक मारक दूरी का खुलासा नहीं किया है। रफेल का कहना है कि इस मिसाइल को जटिल सैन्य अभियानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह लंबी दूरी पर स्थित महत्वपूर्ण रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाने में सक्षम होगी।
हर मौसम में संचालित किया जा सकता है
कंपनी के मुताबिक, इस मिसाइल में कई उन्नत क्षमताएं शामिल हैं। इनमें ऑटोनॉमस नेविगेशन सिस्टम, जमीन की भौगोलिक बनावट के अनुरूप कम ऊंचाई पर उड़ान भरने की क्षमता, हर मौसम में संचालन और विभिन्न प्रकार के लक्ष्यों पर अत्यधिक सटीक हमला करने की क्षमता शामिल है। रफेल ने कहा कि इन विशेषताओं के जरिए सुपर आइस को जटिल परिचालन परिस्थितियों और लंबी दूरी के सैन्य अभियानों के लिए तैयार किया गया है।
रफेल के बारे में जानें
बता दें कि रफेल एडवांस्ड डिफेंस सिस्टम्स इजरायल की एक प्रमुख सरकारी रक्षा कंपनी है, जो उन्नत सैन्य तकनीक और हथियार प्रणालियों का विकास और निर्माण करती है। यह कंपनी विश्व प्रसिद्ध एयर डिफेंस सिस्टम आयरन डोम और उसकी ‘तामिर’ इंटरसेप्टर मिसाइलों का निर्माण करती है। जनवरी 2026 में तेल अवीव स्टॉक एक्सचेंज पर आईपीओ के जरिए इसके आंशिक निजीकरण का निर्णय इजरायल सरकार ने लिया था।



