योगी सरकार में निवेश का नया रिकॉर्ड, यूपी में 35 हजार से ज्यादा कारखाने, 25 हजार पार हुए स्टार्टअप

उत्तर प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विकास को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की निवेश परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को लखनऊ से गौतमबुद्ध नगर में सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर विनिर्माण संयंत्र के शिलान्यास समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के सेक्टर-8डी में करीब 100 एकड़ जमीन पर यह संयंत्र स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना में 1,200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्तावित है। इससे हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सरकार कंपनी को देगी हरसंभव सहयोग
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार इस परियोजना में कंपनी के साथ साझेदार के रूप में खड़ी रहेगी और उसे हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश की कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और कारोबारी माहौल के कारण उद्योग जगत उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आगे आ रहा है।
14 हजार से बढ़कर 35 हजार हुई कारखानों की संख्या
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के औद्योगिक विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कारखानों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार से अधिक हो गई है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की संख्या बढ़कर एक करोड़ तक पहुंच गई है। वहीं, प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार से अधिक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश वैश्विक क्षमता केंद्रों (जीसीसी) के उभरते केंद्र के रूप में भी विकसित हो रहा है।
एक्सप्रेसवे और हवाई अड्डों से बेहतर हुई कनेक्टिविटी
योगी ने कहा कि एक्सप्रेसवे, हवाई अड्डों और समर्पित माल गलियारों के विस्तार से प्रदेश में औद्योगिक संपर्क और परिवहन सुविधाएं बेहतर हुई हैं। इसका लाभ उद्योगों और निवेशकों को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी इन्वेस्टर्स समिट में 7.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की निवेश परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
कारोबार में सुगमता के मामले में यूपी की बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रशासनिक सुधार, पारदर्शिता, डिजिटलीकरण और समयबद्ध सेवाओं से प्रदेश में कारोबार का माहौल बदला है। व्यापार करने में सुगमता के मामले में उत्तर प्रदेश शीर्ष उपलब्धि हासिल करने वाले राज्यों में शामिल है। वहीं, विनियमन में ढील देने के पहले चरण में प्रदेश देश में पहले स्थान पर रहा है।



