देश

मुंबई में प्रिंस विलियम ने चलाई टुक-टुक, प्रिंसेस बोलीं- अर्थशॉट समारोह स्थल पहुंचने का इससे अच्छा तरीका नहीं

ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन मंगलवार को मुंबई में निराले और अलग अंदाज में नजर आए। भारत दौरे के दूसरे दिन दोनों अर्थशॉट प्राइज समारोह में शामिल होने के लिए टुक-टुक (ऑटो रिक्शा) से पहुंचे। खास बात यह रही कि इस इलेक्ट्रिक वाहन की स्टीयरिंग खुद प्रिंस विलियम ने संभाली, जबकि प्रिंसेस उनके पीछे बैठी थीं। वाहन पर अर्थशॉट प्राइज का लोगो भी लगा हुआ था।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद प्रिंसेस ने इस अनोखे सफर पर खुशी जताते हुए कहा, ”यहां आने का इससे अच्छा तरीका नहीं हो सकता था।”

इस दौरान शाही दंपति ने वर्ष 2026 के अर्थशॉट प्राइज के फाइनलिस्टों से मुलाकात की और पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता तथा टिकाऊ विकास से जुड़े उनके प्रयासों के बारे में जानकारी ली।

इनमें से एक महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी की प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी और सुमन मिश्रा भी थीं। जिन्होंने आईएएनएस से बताया, “प्रिंस और प्रिंसेस उनके टुकटुक में ही आयोजन स्थल पहुंचे। प्रिंस (विलियम) ने हमारी (महिंद्रा) गाड़ी चलाई, इसलिए मैंने उनसे पूछा कि उनका अनुभव कैसा रहा? वे इसे चलाकर काफी खुश थे। उन्होंने माना कि काफी आरामदायक और सुकूनभरी सवारी थी जो आवाज काफी कम करती है। ”

मिश्रा ने कहा कि भारत के लिए यह तकनीक महत्वपूर्ण है। उनके मुताबिक, “इलेक्ट्रिक ऑटो का इस्तेमाल इस श्रेणी में करीब 50 प्रतिशत तक पहुंच चुका है और अब इसे 100 प्रतिशत तक ले जाने की जरूरत है।” उन्होंने ये भी बताया कि इलेक्ट्रिक ऑटो से टेलपाइप उत्सर्जन नहीं होता, जिससे शहरों की हवा की गुणवत्ता बेहतर बनाने में मदद मिलती है। इसके साथ ही इन वाहनों से ऑटो चालकों की कमाई बढ़ाने के अवसर भी पैदा होते हैं।

‘येलोस्टोन टू युकोन कंजर्वेशन इनिशिएटिव’ की अध्यक्ष, प्रमुख वैज्ञानिक और प्रमुख कार्यकारी अधिकारी डॉ. जोडी हिल्टी ने भी मुलाकात को शानदार अनुभव बताया। उन्होंने कहा, ” प्रिंस और प्रिंसेस से बातचीत करने का अवसर मिला। दोनों ने उस क्षेत्र में प्रकृति संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों में दिलचस्पी दिखाई, जहां वे पहले भी कई बार जा चुके हैं।”

हिल्टी के मुताबिक, बातचीत के दौरान उन्होंने वहां के विशाल पर्वतीय इलाकों और प्राकृतिक एकांत में बिताए अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा, ” शाही दंपति ने यह संदेश दिया कि सभी फाइनलिस्ट विजेता हैं और मिलकर हर कोई बदलाव ला सकता है।”

डॉ. हिल्टी ने कहा कि प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट से बातचीत करना उनके लिए सम्मान की बात थी। उन्हें यह देखकर अच्छा लगा कि दोनों पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को लेकर वास्तव में गंभीर और संवेदनशील हैं।

कार्यक्रम में येलोस्टोन टू युकोन कंजर्वेशन इनिशिएटिव से जुड़ी डॉ. हिल्टी के साथ ‘लियार्ड फर्स्ट नेशन’ के प्रमुख हरलन शिलिंग भी मौजूद थे। उन्होंने कास्का समुदाय की ओर से विकसित किए जा रहे एक संरक्षण क्षेत्र के बारे में जानकारी दी।

शिलिंग ने बताया कि कास्का समुदाय ने ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के साथ मिलकर 31 लाख हेक्टेयर में फैले संरक्षण क्षेत्र की स्थापना की है। इसका नाम ‘डेना केह कासन’ है, जिसका उनकी भाषा में अर्थ है ‘यह हमेशा बना रहेगा’। उन्होंने बताया कि इस संरक्षण क्षेत्र की पहल और निर्माण में कास्का समुदाय की अपनी भूमिका रही है।

अर्थशॉट प्राइज एक ऐसी पहल है जिसके जरिए दुनिया भर में पर्यावरण संबंधी समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजने वाले हुनरमंदों और संगठनों को प्रोत्साहित किया जाता है। मुंबई में आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छ परिवहन और स्थानीय समुदायों की भागीदारी पर भी केंद्रित रहा।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button