खेल-खिलाड़ी

इंडिया A ने रचा इतिहास, नेपाल को 306 रन से रौंदकर लिस्ट A क्रिकेट में दर्ज की अपनी सबसे बड़ी जीत

भारतीय गेंदबाजों के सामने नेपाल की टीम ने जिस तरह घुटने टेके, उसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। इंडिया A ने राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत ऐतिहासिक जीत के साथ की। तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र के शतकों के दम पर 332 रन बनाने वाली भारतीय टीम ने नेपाल को महज 26 रन पर समेट दिया। इस तरह इंडिया A ने 306 रन से मुकाबला जीतकर लिस्ट A क्रिकेट में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इंडिया A ने नेपाल को 306 रन से हराया। रनों के लिहाज से यह इंडिया A की लिस्ट A क्रिकेट में अब तक की सबसे बड़ी जीत है। वहीं, नेपाल की 26 रन की पारी लिस्ट A क्रिकेट इतिहास का पांचवां सबसे कम स्कोर है।

26 रन पर ढेर हुई नेपाल की टीम

333 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की बल्लेबाजी भारतीय तेज गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई। प्रिंस यादव और हर्षित राणा ने मिलकर नेपाल के बल्लेबाजों को संभलने का मौका तक नहीं दिया। प्रिंस ने पांच ओवर में सिर्फ छह रन देकर पांच विकेट झटके, जबकि हर्षित राणा ने छह ओवर में 16 रन देकर चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। नेपाल की पूरी टीम 11.3 ओवर में महज 26 रन बनाकर सिमट गई। नेपाल की पारी कितनी खराब रही, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टीम के बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने लगातार विकेट गंवाते रहे। प्रिंस और हर्षित की घातक गेंदबाजी के सामने नेपाल का कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका।

कुशाग्र और तिलक ने जड़ा शतक

इससे पहले नेपाल ने टॉस जीतकर इंडिया A को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने पारी की शुरुआत की, लेकिन दोनों बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। अभिषेक छठे ओवर में आउट हुए, जबकि आयुष बडोनी सिर्फ दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए। सूर्यवंशी ने 32 गेंदों पर 26 रन बनाए।

इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने मोर्चा संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 206 रनों की शानदार साझेदारी कर भारतीय पारी को मजबूती दी। कुशाग्र ने 102 गेंदों पर 117 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और पांच छक्के शामिल रहे। वहीं, तिलक वर्मा ने 113 गेंदों पर 107 रनों की पारी खेली। उनकी पारी में छह चौके और चार छक्के आए।

अब पाकिस्तान से होगा भारत का मुकाबला

आखिरी ओवरों में सूर्यांश शेडगे ने भी तूफानी अंदाज दिखाया। उन्होंने महज 14 गेंदों पर नाबाद 36 रन ठोक दिए। इस दौरान उनके बल्ले से चार छक्के और एक चौका निकला। इन पारियों की बदौलत भारत A ने नौ विकेट पर 332 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। नेपाल की ओर से ललित राजवंशी और कप्तान संदीप लामिछाने ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि नंदन यादव को दो सफलताएं मिलीं। नेपाल के खिलाफ ऐतिहासिक जीत के बाद इंडिया A की नजरें अब अपने अगले मुकाबले पर होंगी, जहां उसका सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। ये मुकाबला 22 नवंबर को खेला जाएगा।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button