खेल-खिलाड़ी

राष्ट्रीय खेल अवार्ड में चमका यूपी का नाम : राष्ट्रपति मुर्मु से प्रियंका गोस्वामी और अखिल श्योराण को सम्मान मिलने पर CM योगी ने दी बधाई

दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 प्रदान किए। खेल के मैदान में शानदार प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रपति ने सम्मानित किया। डेकाथलॉन एथलीट तेजस्विन शंकर और फिडे महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख समेत 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं, अनुभवी फुटबॉलर इसायाह अरुमाइनयागम को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) प्रदान किया गया।

अखिल श्योराण और अरविंद सिंह, सीएम योगी ने दी बधाई

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धियों से प्रदेश का मान बढ़ाया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में प्रदेश के तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों प्रियंका गोस्वामी, अखिल श्योराण और अरविंद सिंह को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निशानेबाज अखिल श्योराण को अर्जुन पुरस्कार मिलने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि उन्होंने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश तथा उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाया है।

उनकी यह गौरवपूर्ण उपलब्धि प्रदेश के अनगिनत युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वहीं, प्रतिभाशाली नाविक अरविंद सिंह को सम्मान मिलने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, उत्कृष्ट खेल कौशल और अटूट दृढ़ संकल्प के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय सफलता हासिल कर देश को गौरवान्वित किया है।

प्रियंका गोस्वामी को भी मिला अर्जुन पुरस्कार

रेस वॉकर प्रियंका गोस्वामी को भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर भारतीय एथलेटिक्स में पहचान बनाई है। तीनों खिलाड़ियों को मिले इस सम्मान से उत्तर प्रदेश के खेल जगत में खुशी का माहौल है।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 समारोह में तेजस्विन शंकर और दिव्या देशमुख समेत कुल 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार प्रदान किए। वहीं, विभिन्न खेलों के कोचों और खेलों को प्रोत्साहित करने वाली संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया।

डेकाथलॉन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर तेजस्विन शंकर ने रचा इतिहास 

तेजस्विन शंकर ने राष्ट्रमंडल खेलों में डेकाथलॉन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने थे। वहीं, दिव्या देशमुख ने फिडे महिला विश्व कप 2025 का खिताब जीतकर भारतीय शतरंज में नया इतिहास बनाया। वह यह प्रतिष्ठित खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। फाइनल में उन्होंने रैपिड टाई-ब्रेक मुकाबले में देश की दिग्गज खिलाड़ी कोनेरू हम्पी को 1.5-0.5 से हराया था।

इन खिलाड़ियों को भी मिला अर्जुन पुरस्कार

अर्जुन पुरस्कार पाने वाले अन्य खिलाड़ियों में ट्रैक एंड फील्ड एथलीट मुहम्मद अजमल वरियाथोडी, रेस वॉकर प्रियंका गोस्वामी, मुक्केबाज नरेंद्र, शतरंज खिलाड़ी विदित संतोष गुजराती, पैरा शूटर धनुष श्रीकांत, हॉकी खिलाड़ी लालरेमसियामी ह्मार्जोर्ट और राजकुमार पाल शामिल हैं। इनके अलावा कबड्डी खिलाड़ी सुरजीत और पूजा, पैरा शूटर रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा एथलीट एकता भ्यान, रोवर अरविंद सिंह और शूटर अखिल श्योराण को भी सम्मानित किया गया। बैडमिंटन खिलाड़ी त्रिशा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद जापान मास्टर्स टूर्नामेंट में भाग लेने के कारण समारोह में शामिल नहीं हो सकीं।

कोचों को मिला द्रोणाचार्य पुरस्कार

खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार करने में अहम भूमिका निभाने वाले पांच कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इनमें एथलेटिक्स कोच परवीर सिंह, बॉक्सिंग कोच छोटे लाल यादव और धर्मेंद्र सिंह यादव, शूटिंग कोच नेहा नंदकुमार चव्हाण और कुश्ती कोच वीरेंद्र कुमार शामिल हैं।

साहसिक खेलों में उपलब्धियों को भी मिला सम्मान

तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 के तहत बलजीत कौर और स्कलजांग रिग्जिन को लैंड एडवेंचर, रिमो साहा को वॉटर एडवेंचर और शिव प्रसाद चमोली को लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार साहसिक खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन और योगदान को मान्यता देने के लिए दिया जाता है।

आर्मी पैरालंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार

पुणे स्थित आर्मी पैरालंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया। लेफ्टिनेंट कर्नल दलजीत सिंह ने राष्ट्रपति के हाथों यह पुरस्कार ग्रहण किया। यह सम्मान खेलों के विकास और प्रोत्साहन में उल्लेखनीय योगदान देने वाली संस्थाओं और संगठनों को दिया जाता है।

अर्जुन पुरस्कार 2025 पाने वाले खिलाड़ियों की सूची 
खिलाड़ी का नाम खेल
तेजस्विन शंकर डेकाथलॉन (एथलेटिक्स)
दिव्या देशमुख शतरंज
मुहम्मद अजमल वरियाथोडी ट्रैक एंड फील्ड
प्रियंका गोस्वामी रेस वॉकिंग
नरेंद्र मुक्केबाजी
विदित संतोष गुजराती शतरंज
धनुष श्रीकांत पैरा शूटिंग
लालरेमसियामी ह्मार्जोर्ट हॉकी
राजकुमार पाल हॉकी
सुरजीत कबड्डी
पूजा कबड्डी
रुद्रांश खंडेलवाल पैरा शूटिंग
एकता भ्यान पैरा एथलेटिक्स
अरविंद सिंह रोइंग
अखिल श्योराण शूटिंग
त्रिशा जॉली बैडमिंटन
पुलेला गायत्री गोपीचंद बैडमिंटन
एक साल से अधिक की देरी से हुआ समारोह

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार हर साल खिलाड़ियों और खेलों के विकास में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित करने के लिए दिए जाते हैं। इस बार पुरस्कार समारोह में एक साल से अधिक की देरी हुई। आमतौर पर ये पुरस्कार 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर प्रदान किए जाते हैं। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के वर्षों में समारोह की तारीख उनके समापन और राष्ट्रपति सचिवालय से परामर्श के बाद तय की जाती है। खेल मंत्रालय ने 18 अगस्त को जस्टिस (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर वर्ष 2025 के पुरस्कार विजेताओं की अंतिम सूची घोषित की थी। समिति में प्रतिष्ठित खिलाड़ी, खेल पत्रकारिता से जुड़े लोग और खेल प्रशासक शामिल थे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button