
हरिद्वार: इस वक्त की बड़ी खबर उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से सामने आ रही है। यहां कनखल थाना क्षेत्र में IB के एसपी पर फायरिंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि उनके ड्राइवर ने ही उनपर फायरिंग की। जानकारी के मुताबिक ड्राइवर विनोद नेगी ने अवैध तमंचे से एसपी सीपी नौटियाल पर फायरिंग की। वहीं घटना के बाद घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए अस्पातल ले जाया गया। वहीं पुलिस ने फायरिंग करने वाले आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
ड्राइवर ने की फायरिंग
दरअसल, हरिद्वार में IB के SP पर उनके ही ड्राइवर ने गोली चलाई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक SP सीपी नौटियाल के माथे के पास गोली लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी ड्राइवर विनोद नेगी ने अवैध हथियार से उनके ऊपर फायरिंग की है। घटना के बाद आनन-फानन में एसपी को घायल अवस्था में कनखल के रामकृष्ण मिशन अस्पताल में ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में ऋषिकेश AIIMS रेफर कर दिया गया।
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पूरा मामला जिले के कनखल थाना क्षेत्र का है। वहीं घटना के बाद पुलिस ने आरोपी ड्राइवर विनोद नेगी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं आरोपी ने फायरिंग क्यों की, इसकी भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि ड्राइवर विनोद नेगी SP से नाराज चल रहा था। मामले की जानकारी देते हुए हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि एक ड्राइवर द्वारा फायरिंग की गई है, जिसमें अधिकारी चोटिल हुए है। ड्राइवर को गिरफ्तार कर तमंचा बरामद कर लिया गया है। पुलिस ड्राइवर से पूछताछ कर रही है। इसमें जो भी वैधानिक कार्रवाई होगी, वह की जाएगी।
सीएम योगी की मां का अंतिम संस्कार
वहीं दूसरी तरफ हरिद्वार में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी का अंतिम संस्कार चंडी घाट पर किया गया। अंतिम संस्कार के लिए ले जाने से पहले, सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपनी माताजी के पार्थिव शरीर पर फूल अर्पित किए। इसके बाद उनके छोटे भाई ने मुखाग्नि दी। सीएम योगी की माताजी, सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह उत्तराखंड स्थित उनके पैतृक गांव में 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।



