उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्यलखनऊ

अब इलाज के लिए पैसों की चिंता छोड़िए! हर जरूरतमंद का आयुष्मान कार्ड बनवाएगी योगी सरकार

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे लोगों को उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार उनके उपचार में पूरी मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जरूरतमंद का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा। इसके बाद भी इलाज के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता दी जाएगी।

करीब 150 लोगों से मिले CM योगी

शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर जनता दर्शन का आयोजन किया गया। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 150 लोगों से मिले और उनके पास जाकर समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों के प्रार्थना पत्र अपने हाथों में लेकर पढ़े और उनकी शिकायतों का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि वे परेशान न हों और चिंता न करें, सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अलग-अलग मामलों से जुड़े प्रार्थना पत्र संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सौंपे। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का समाधान तय समय के भीतर, निष्पक्ष तरीके से और लोगों की संतुष्टि के अनुसार किया जाए।

पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश

जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोगों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को खास निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि बीमारी की स्थिति में उसे बिना रुकावट इलाज मिल सके। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि आयुष्मान कार्ड से इलाज की सुविधा मिलने के बाद भी अगर किसी को आर्थिक मदद की जरूरत पड़ती है तो सरकार मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराएगी।

जमीन कब्जाने की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन में जमीन पर कब्जा करने से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेने और उनका समय पर समाधान करने को कहा।

गोशाला में गोवंश को खिलाई रोटी और गुड़

गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शुक्रवार सुबह की दिनचर्या परंपरा के अनुसार रही। सबसे पहले उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ के दर्शन किए और अपने ब्रह्मलीन गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह मंदिर की गोशाला पहुंचे और गोसेवा की। मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से गोवंश को रोटी और गुड़ खिलाया। इस दौरान उन्होंने भोलू नाम के बछड़े और छुटकी नाम की बछिया को आवाज देकर अपने पास बुलाया और उन्हें खूब दुलारा।

गोवंश को प्यार से समझाते नजर आए CM योगी

गोशाला में रोटी और गुड़ खिलाते समय गोवंश मुख्यमंत्री के पास आने के लिए उत्साहित नजर आए। वे उनके और करीब आने की कोशिश करने लगे। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें प्यार से समझाते हुए कहा, ‘अपनी जगह पर ही रहो, नहीं तो चोट लग जाएगी।’ गोशाला में मुख्यमंत्री का गोवंश के प्रति स्नेह भी देखने को मिला। बता दें कि आज मुख्यमंत्री योगी ने छात्रों को भी अहम सौगात देते हुए 50 हजार टैबलेट वितरित किए। (IANS से इनपुट्स के साथ)

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button