पंजाबराज्य

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रोबेशनरी आईपीएस अधिकारियों को पूरी लगन, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ लोगों की सेवा करने के लिए किया प्रेरित

चंडीगढ़, 25 नवंबर 2026:

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज नवनियुक्त प्रोबेशनरी आईपीएस अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी लगन, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अमन-शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा लोगों की जान-माल की रक्षा करना उनकी प्रमुख प्राथमिकता होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा, “आज चंडीगढ़ में मैंने नवनियुक्त प्रोबेशनरी आईपीएस अधिकारियों के साथ विशेष बातचीत की। राज्य भर में अमन-शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में इन युवा अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मैंने उन्हें अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी, लगन और जनसेवा के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। सभी अधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारियों के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। इंकलाब जिंदाबाद।”

चंडीगढ़ में प्रोबेशनरी आईपीएस अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “इन युवा अधिकारियों के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है, क्योंकि वे पंजाब की पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने और राज्य के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “पुलिस बल केवल कानून लागू करने के लिए ही जिम्मेदार नहीं है, बल्कि अपने आचरण, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के माध्यम से लोगों का विश्वास जीतना भी उसकी जिम्मेदारी है। लोगों को पुलिस एक ऐसी संस्था के रूप में दिखाई देनी चाहिए, जो उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हो और उनके अधिकारों एवं हितों की रक्षा करे।”

अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और पेशेवर तरीके से करने के लिए प्रेरित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “वर्दी जिम्मेदारी, अनुशासन और समाज की सेवा का प्रतीक है। प्रत्येक अधिकारी को अपराध के विरुद्ध निडर होकर काम करना चाहिए और साथ ही प्रत्येक नागरिक के अधिकारों एवं मान-सम्मान की रक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।”

उन्होंने कहा, “पुलिस के पास जाते समय लोगों को सुरक्षित और आत्मविश्वास से परिपूर्ण महसूस होना चाहिए। जवाबदेह, जिम्मेदार और जनहितैषी पुलिस व्यवस्था शांतिपूर्ण एवं प्रगतिशील पंजाब के निर्माण के लिए बेहद जरूरी है।”

युवा अधिकारियों को उदाहरण बनकर नेतृत्व करने का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “प्रत्येक अधिकारी को पेशेवर नैतिकता के उच्चतम मानकों को बनाए रखना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि ईमानदारी, निष्पक्षता और पेशेवर दक्षता उनकी सेवाओं के मार्गदर्शक सिद्धांत बनें। उनके आचरण से लोगों में विश्वास पैदा होना चाहिए और पुलिस तथा समाज के बीच संबंध मजबूत होने चाहिए।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार शांति और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने तथा अपराध एवं अन्य सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। इन उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए मजबूत और पेशेवर पुलिस व्यवस्था बेहद जरूरी है।”

नवनियुक्त अधिकारियों की क्षमताओं पर विश्वास व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि इन युवा अधिकारियों का उत्साह, ऊर्जा और पेशेवर दक्षता पंजाब की कानून प्रवर्तन व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी तथा प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button