देश

पैकेट बंद खाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, सामने लगाना होगा अलग-अलग चेतावनी वाला निशान, हाई फैट, शुगर और नमक की जानकारी देना जरूरी

सुप्रीम कोर्ट ने पैकेट में बिकने वाले खाने की चीजों को लेकर कहा है कि जिन खाद्य पदार्थों में फैट, शुगर या नमक की मात्रा तय सीमा से ज्यादा है, उनके पैकेट के सामने अलग-अलग चेतावनी वाले निशान लगाने होंगे। इन निशानों के जरिए ग्राहकों को आसानी से पता चल सकेगा कि किसी खाने में फैट, शुगर या नमक कितना ज्यादा है। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को इस व्यवस्था को सही तरीके से लागू करने के निर्देश दिए हैं।

तीन अलग-अलग चेतावनी वाले निशान लगाने होंगे

सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि हर चेतावनी का निशान लाल रंग के षटकोण (छह कोने वाले निशान) के रूप में होना चाहिए। इस पर संबंधित जानकारी और तस्वीर भी होनी चाहिए। जैसे हाई फैट, हाई शुगर या हाई सॉल्ट। यानी अगर किसी पैकेट में फैट, शुगर और नमक तीनों की मात्रा तय सीमा से ज्यादा है, तो उसके लिए तीन अलग-अलग चेतावनी वाले निशान लगाने होंगे। एक ही निशान में तीनों की जानकारी देना काफी नहीं होगा।

FSSAI को कोर्ट का निर्देश 

सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को निर्देश दिया कि खाने में शुगर की कुल मात्रा (Total Sugar) और सैचुरेटेड फैट को ध्यान में रखकर चेतावनी की सीमा तय की जाए। केवल ऊपर से मिलाई गई चीनी या फैट को आधार नहीं बनाया जाना चाहिए। कोर्ट ने कहा कि चेतावनी की सीमा तय करते समय वैज्ञानिक तथ्यों और रिसर्च का ध्यान रखा जाए। अगर सीमा बहुत कम रखी गई तो लगभग हर पैकेट पर चेतावनी लगानी पड़ेगी। इससे लोग इन निशानों को गंभीरता से लेना बंद कर सकते हैं। वहीं, अगर सीमा बहुत ज्यादा रखी गई तो कई ऐसे उत्पाद भी चेतावनी से बच जाएंगे, जिनमें नुकसान पहुंचाने वाले तत्व ज्यादा हैं।

पैकेट पर निशान का आकार क्या होगा?

सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि हर लाल निशान का आकार पैकेट के मुख्य हिस्से का करीब 4 से 5 फीसदी होना चाहिए, ताकि ग्राहक खरीदारी के समय इसे आसानी से देख सकें। इसके अलावा निशान के अंदर लिखे शब्दों का आकार भी ऐसा होना चाहिए कि सामान्य रोशनी में उन्हें आसानी से पढ़ा जा सके। कोर्ट ने केंद्र सरकार को 2020 के फूड सेफ्टी और लेबलिंग नियमों को भी सही तरीके से लागू करने का निर्देश दिया है। आपको बता दें कि इससे पहले सुप्रीम कोर्ट यमुना के पानी की गुणवत्ता खराब होने पर नाकाम रहने वाले राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और संबंधित जिलों पर जुर्माना लगाने की बात कही थी।

‘बच्चों में सही खानपान को लेकर जागरूकता बढ़ाए’

सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों में सही खानपान को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया है। कोर्ट ने कहा कि स्कूलों के पाठ्यक्रम में जरूरी बदलाव किए जाएं और बच्चों को पौष्टिक भोजन के बारे में सिर्फ किताबों से नहीं, बल्कि व्यावहारिक तरीके से भी जानकारी दी जाए। इसके लिए स्कूलों में वर्कशॉप, दूसरी गतिविधियों और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकता है, ताकि बच्चे समझ सकें कि कौन सा खाना सेहत के लिए अच्छा है और किससे बचना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को नए नियमों का ड्राफ्ट तैयार करने की दिशा में हुई प्रगति की जानकारी देने को कहा है। इसके लिए 10 हफ्ते बाद मामले को फिर सुनवाई के लिए लगाया गया है। FSSAI को इस दौरान अपनी रिपोर्ट और हलफनामा कोर्ट में जमा करना होगा।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button