Delimitation Bill : UP में 120 लोकसभा सीटें, 605 विधायक! यूपी में परिसीमन पर घमासान, केशव मौर्य ने कांग्रेस-सपा को घेरा

महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वाले राजनीतिक दलों को देश की मातृशक्ति याद रखेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि महिला आरक्षण देश की आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में उचित प्रतिनिधित्व दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का फैसला लिया है। इसके तहत उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या मौजूदा 80 से बढ़कर 120 हो जाएगी। वहीं, प्रदेश विधानसभा में विधायकों की संख्या 403 से बढ़कर करीब 605 होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि बढ़ी हुई सीटों में 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को मिलेगा।
सोनिया, राहुल, प्रियंका और अखिलेश से की अपील
उपमुख्यमंत्री ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव से महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक का विरोध नहीं करने की अपील की।उन्होंने कहा कि यह विधेयक देश के हित में है। इससे लोकतंत्र मजबूत होगा और महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिलेंगे। मौर्य ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विभिन्न राजनीतिक दल विधेयक का समर्थन करेंगे और इसे संसद में पारित कराने में सहयोग देंगे।



