
चंडीगढ़, 27 नवंबर:
पूरे राज्य में चलाए गए पिछले सफाई अभियानों की शानदार सफलता को देखते हुए पंजाब के स्थानीय सरकार मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने आज पूरे राज्य में शहरी प्रशासन और सिविल बुनियादी ढांचे का कायाकल्प करने के लिए ‘मिशन क्लीन पंजाब 3.0’ की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि यह विस्तृत चरण केवल रोजाना कूड़ा एकत्र करने तक सीमित न रहकर पंजाब की सभी 166 शहरी स्थानीय इकाइयों के हर शहरी वार्ड में रोजाना की 8 महत्वपूर्ण नागरिक समस्याओं की पहचान करने और उन्हें हल करने की दिशा में निर्णायक कदम है।
यहां पंजाब भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए स्थानीय सरकार मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया, “नगर निगम और काउंसिल की टीमें साफ-सुथरे, सुरक्षित और बेहतर वार्ड बनाने के लिए मिशन मोड पर काम करेंगी। इसके तहत 8 विशेष नागरिक समस्याओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जिनमें कूड़ा-करकट वाले संवेदनशील स्थान, निर्माण और मलबे के स्थान, पानी भरना, खुले या टूटे हुए मैनहोल, सड़कों पर पड़े गड्ढे, टूटे या चोरी हुए कर्बस्टोन, खराब स्ट्रीट लाइटें और ऐसी अंधेरी जगहें शामिल हैं जहां फिलहाल स्ट्रीट लाइटें बिल्कुल भी नहीं हैं।”
प्रौद्योगिकी-आधारित रिपोर्टिंग प्रणाली और जवाबदेही के ढांचे पर प्रकाश डालते हुए मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने आगे कहा, “वार्डों में सक्रिय रूप से गश्त करने और कमियों को पंजाब एम-सेवा ऐप और वेब पोर्टल पर दर्ज करने के लिए पेस्को कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इसके साथ ही नागरिकों को भी इन आठ समस्याओं में से किसी की भी एम-सेवा प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, जहां हर शिकायत को जियो-टैग किया जाएगा, रिकॉर्ड किया जाएगा और अंतिम समाधान होने तक रीयल-टाइम में ट्रैक किया जाएगा।”
जमीनी स्तर पर तेजी से अमल को सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों का विवरण देते हुए उन्होंने कहा, “वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों को रोजाना कम से कम 2 घंटे फील्ड दौरे करना अनिवार्य होगा। जहां चुने गए प्रतिनिधि अपने-अपने हलकों में इस अभियान की बारीकी से निगरानी करेंगे, वहीं किसी भी तरह की ढिलाई-मस्ती को रोकने के लिए राज्य स्तर पर हर शहरी स्थानीय इकाई की रोजाना प्रगति की समीक्षा की जाएगी।”
लोगों को इस अभियान में शामिल होने की अपील करते हुए हरजोत सिंह बैंस ने कहा, “मिशन क्लीन पंजाब ने साबित कर दिया है कि जब भगवंत मान सरकार और नागरिक मिलकर काम करते हैं तो पंजाब क्या हासिल कर सकता है, इसके तहत हर 10 में से 9 शिकायतों का निपटारा किया गया। ‘मिशन क्लीन पंजाब 3.0’ के साथ हम हर एक वार्ड पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। चाहे आपको कूड़े का ढेर दिखे, खुला मैनहोल, सड़क पर गड्ढा, पानी भरा हो या कोई अंधेरी गली हो, बस एम-सेवा ऐप या वेबसाइट पर इसकी रिपोर्ट करें और हमारी टीमें तुरंत कार्रवाई करेंगी। आइए मिलकर पंजाब के हर वार्ड को एक मॉडल स्वच्छ वार्ड बनाएं।”
पिछले चरण के नतीजे साझा करते हुए स्थानीय सरकार मंत्री ने बताया, “29 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक सभी 166 शहरी स्थानीय इकाइयों में चलाए गए ‘मिशन क्लीन 2.0’ के दौरान पंजाब ने 90 प्रतिशत शिकायतों का निपटारा किया है। इस दौरान प्राप्त कुल 31,802 शिकायतों में से 28,686 का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया, जिससे केवल 2,935 शिकायतें बकाया रहीं और 181 अयोग्य या रद्द पाई गईं। उल्लेखनीय है कि 166 में से 93 शहरी स्थानीय इकाइयों ने अपनी 90 प्रतिशत या इससे अधिक शिकायतों का समाधान किया, जबकि 18 अग्रणी इकाइयों, जिनमें सनौर (402), खन्ना (334), सुनाम (194), बनूड़ (192) और भुलथ (171) शामिल हैं, ने शानदार 100 प्रतिशत निपटारा दर हासिल की। प्रमुख नगर निगमों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसमें अमृतसर 96 प्रतिशत (1,017 में से 978) के साथ अग्रणी रहा, जिसके बाद जालंधर (94 प्रतिशत – 1,580 में से 1,486), पटियाला (94 प्रतिशत – 718 में से 672), बठिंडा (94 प्रतिशत – 686 में से 643) और एस.ए.एस. नगर मोहाली (94 प्रतिशत – 601 में से 563) शामिल हैं।”



