NHRC : लखनऊ की दो जेलों में 7 दिन में दो कैदियों ने की आत्महत्या, NHRC ने लिया संज्ञान; जेल DG और DM को नोटिस

राजधानी लखनऊ की दो अलग-अलग जेलों में सात दिन के भीतर दो कैदियों की आत्महत्या के मामलों को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने गंभीरता से लिया है। आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के जेल महानिदेशक प्रेम चंद मीना और लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी को नोटिस जारी किया है। दोनों अधिकारियों से दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। लगातार दो जेलों में कैदियों की मौत की घटनाओं ने जेलों की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। आयोग ने दोनों घटनाओं का ब्योरा तलब करते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा है।
19 और 25 नवंबर को हुईं दोनों घटनाएं
जानकारी के मुताबिक, पहली घटना 19 नवंबर को लखनऊ जिला कारागार में हुई थी। यहां विचाराधीन बंदी अवनीश जायसवाल ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके छह दिन बाद 25 नवंबर को आदर्श कारागार (मॉडल जेल) में बंद एक अन्य कैदी राजू उर्फ अब्बास उर्फ असलम का शव फंदे से लटका मिला था। सात दिनों के भीतर हुई इन दोनों घटनाओं के बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने जेल महानिदेशक और जिलाधिकारी को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
जिला जेल में भी विचाराधीन बंदी ने लगाई थी फांसी
19 नवंबर को लखनऊ जिला कारागार में विचाराधीन बंदी अवनीश जायसवाल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अवनीश सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के फिरोजपुर खुर्द गांव का निवासी था। वह सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज चर्चित समरीन हत्याकांड में विचाराधीन बंदी था और 15 अक्टूबर 2026 से जेल में बंद था। उसे जेल के सर्किल नंबर-3 की बैरक नंबर-83 में रखा गया था। 19 नवंबर को उसका शव जेल के बाथरूम में तौलिये के सहारे लटका मिला था। लगातार दो जेलों में हुई इन घटनाओं के बाद बंदियों की सुरक्षा, निगरानी और जेल प्रशासन की जिम्मेदारी को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बाथरूम में फटी चादर से बनाया था फंदा
दूसरी घटना लखनऊ के आदर्श कारागार की है, जो 25 नवंबर को हुई थी। यहां बंद राजू उर्फ अब्बास उर्फ असलम ने कथित तौर पर बैरक के पीछे बने बाथरूम में फांसी लगाकर जान दे दी थी। उसने फटी हुई चादर से फंदा बनाया था। राजू मूल रूप से बस्ती जिले के लालगंज क्षेत्र के बनकटी का रहने वाला था और नोएडा के सेक्टर-20 स्थित हरौला में रह रहा था। पत्नी की हत्या के मामले में गौतमबुद्ध नगर की अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
इसके बाद 29 अक्टूबर को उसे आदर्श कारागार में स्थानांतरित किया गया था। जेल प्रशासन के मुताबिक, घटना वाले दिन सुबह करीब छह बजे नियमित गिनती के दौरान राजू अपनी बैरक में मौजूद था। करीब 15 मिनट बाद दोबारा बंदियों की गिनती की गई तो वह अपनी जगह पर नहीं मिला। तलाश के दौरान बैरक के पीछे बने बाथरूम में उसका शव पाइप से लटका मिला।
ड्यूटी में लापरवाही पर डिप्टी जेलर समेत दो निलंबित
आदर्श कारागार में कैदी की आत्महत्या के बाद जेल की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठे थे। शुरुआती जांच में ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने पर अनलॉकिंग प्रभारी डिप्टी जेलर मदन गोपाल और बैरक प्रभारी जेल वार्डर राजेश कुमार को निलंबित कर दिया गया था। इसके अलावा एक अन्य जेल वार्डर अतीक अहमद के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई थी।



