उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

लखनऊ में 1 दिसंबर से यूपी कोऑपरेटिव एक्सपो-2026: 10 दिनों तक ग्रामीण उत्पादों और हस्तशिल्प को मिलेगा राज्यस्तरीय बाजार

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और स्थानीय उत्पादों को बड़ा बाजार उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार राजधानी में यूपी कोऑपरेटिव एक्सपो-2026 आयोजित करने जा रही है। गोमती नगर स्थित बैडमिंटन अकादमी में 1 से 10 दिसंबर तक चलने वाले इस 10 दिवसीय एक्सपो में किसानों, शिल्पकारों, महिला समूहों और सहकारी संस्थाओं को अपने उत्पाद दिखाने का राज्यस्तरीय मंच मिलेगा। एक्सपो रोज सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहेगा।

ग्रामीण उत्पादकों को शहरी उपभोक्ताओं से सीधे जोड़ने की पहल

सहकारिता राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर ने बताया कि एक्सपो का मुख्य उद्देश्य सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के कृषकों, उत्पादकों और शिल्पकारों को शहरी उपभोक्ताओं से सीधे जोड़ना है। इससे उत्पादकों को बेहतर बाजार और मार्केटिंग के मौके मिलेंगे और उपभोक्ताओं को स्थानीय उत्पाद सीधे खरीदने का अवसर मिलेगा। मंत्री ने कहा कि एक्सपो में विभिन्न सहकारी संस्थाओं को अपने उत्पाद, सेवाएं, उपलब्धियां और नवाचार दिखाने का साझा मंच मिलेगा। इससे संस्थाओं के बीच संवाद और व्यावसायिक सहयोग बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि आयोजन ग्रामीण उद्यमिता, स्वरोजगार और आय बढ़ाने के नए अवसर पैदा करेगा और किसानों व सहकारी संस्थाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता मजबूत होगी।

इफको, नैफेड और ओडीओपी उत्पादों की लगेगी प्रदर्शनी

एक्सपो में इफको, नैफेड सहित खाद्य प्रसंस्करण, खादी एवं ग्रामोद्योग, डेयरी, मत्स्य पालन, माटीकला और उर्वरक क्षेत्र से जुड़ी संस्थाएं हिस्सा लेंगी। किसान, दुग्ध उत्पादक, मत्स्य पालक, कारीगर, महिला समूह और लघु उद्यमी अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। एक्सपो में एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) और एक जनपद-एक व्यंजन (ओडीओसी) से जुड़े उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों की विशेष प्रदर्शनी लगेगी, जिससे जिलों के विशिष्ट उत्पादों की ब्रांडिंग और मार्केटिंग को बढ़ावा मिलेगा।

सहकारी साहित्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे आकर्षण

सहकारी साहित्य भी आकर्षण रहेगा, जिसमें सहकारिता आंदोलन और सरकारी योजनाओं से जुड़े लेख-पत्रिकाएं उपलब्ध होंगी। हस्तशिल्प और लोक कलाओं को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण कारीगरों को अपने उत्पादों की पहुंच बढ़ाने का मौका मिलेगा। रोज शाम 6 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार सहकारिता, स्थानीय उद्यमों और पारंपरिक व्यवसायों को सशक्त बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने पर काम कर रही है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button