देश

पश्चिम बंगाल: पंचायत चुनाव के दौरान हिंसा, हुई मरने वालों की संख्या 15

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के दौरान हुई हिंसा में दक्षिण 24 परगना से एक और व्यक्ति का शव मिलने तथा दो घायलों की मौत के बाद मरने वालों की संख्या 15 हो गई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुलताली पुलिस थाना क्षेत्र के पश्चिमी गबताला में मतदान केंद्र के पास से एक व्यक्ति का शव मिला, जिसकी पहचान अबु सलेम खान के रूप में हुई है। उसके सिर पर चोट लगी थी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि उसे इलाके में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता था। पुलिस ने कहा कि मौत के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। इलाके में तनाव है तथा हालात और बिगड़ने से रोकने के लिये पुलिस की बड़ी टुकड़ी को तैनात किया गया है।

एक अन्य टीएमसी कार्यकर्ता अजहर लश्कर, जो जिले के बसंती इलाके में रविवार को हिंसा में घायल हो गया था, उसने कोलकाता के सरकारी एसएसकेएम अस्पताल में दम तोड़ दिया। कार्यकर्ता का उपचार कर रहे चिकित्सों ने यह पुष्टि की। अधिकारियों ने बताया कि मालदा जिले के बैसननगर में टीएमसी कार्यकर्ता मोतिउर रहमान को मतदान केंद्र के बाहर चाकू घोंप दिया गया।

यह घटना बरकामत इलाके के केबीसी प्राथमिक विद्यालय के पास हुई। टीएससी ने आरोप लगाया कि यह घटना उस समय हुई, जब कांग्रेस के कार्यकर्ता मतदान पेटी से छेडछाड़ का प्रयास कर रहे थे और उसने उन्हें रोकने की कोशिश की। कांग्रेस ने इस आरोप का खंडन किया है। अधिकारी ने कहा कि रहमान की मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई।

राज्य में चुनाव के दौरान हुई हिंसा में शनिवार रात तक 12 लोगों की मौत की सूचना मिली थी। इनमें से आठ व्यक्ति सत्तारूढ़ टीमसी के समर्थक थे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और कांग्रेस का एक-एक समर्थक था। हालांकि, विभिन्न राजनीतिक दलों ने मृतकों की संख्या अधिक बताई है, जोकि कुल 18 है।

टीएमसी ने दावा किया है कि उसके नौ कार्यकर्ता मारे गए हैं, जबकि कांग्रेस ने अपने तीन समर्थकों की मौत का दावा किया है। भाजपा ने कहा है कि उसके दो कार्यकर्ताओं की मौत हुई है और माकपा ने भी अपने दो सदस्यों की मौत की सूचना दी है। मृतकों में से दो लोगों की राजनीतिक संबद्धता की पुष्टि नहीं हुई है।

राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने कहा कि उसने जिलाधिकारियों से पंचायत चुनाव के दौरान हुई मौतों पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। एक अधिकारी ने  कहा,”हमने जिलाधिकारियों से मौतों पर 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट देने के लिए कहा है।” अधिकारियों ने कहा कि राज्य की त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के तहत 73,887 सीट पर चुनाव हुए, जिसके लिये 2.06 लाख उम्मीदवार मैदान में थे। अस्थायी आंकड़ों के अनुसार, 66.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि कूचबिहार जिले के दिनहाटा में 32 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान चल रहा है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button