कारोबार

व्यापार वार्ता के लिए अगले महीने अमेरिकी टीम के भारत आने की संभावना: वाणिज्य सचिव

भारत और अमेरिका के बीच चल रही द्विपक्षीय व्यापार वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिकी अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय टीम अगले महीने भारत आ सकती है। हालांकि, इस दौरे की सटीक तारीख अभी तय नहीं हुई है। यह जानकारी वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को दी।

भारत के वाणिज्य मंत्रालय के अधिकारियों की एक टीम अप्रैल में वॉशिंगटन गई थी, जहां उन्होंने अपने अमेरिकी समकक्षों के साथ कई दौर की बैठकें कीं। इन बैठकों का उद्देश्य अंतरिम व्यापार समझौते (इंटरिम ट्रेड पैक्ट) के अंतिम विवरण को तय करना था, जिसे व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) से पहले साइन किया जाना है।

राजेश अग्रवाल ने पत्रकारों से कहा, “हमें उम्मीद है कि अमेरिकी टीम जल्द भारत आएगी… संभवतः अगले महीने।”

उन्होंने आगे कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता लगातार जारी है और सही समय आने पर इस समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोमवार को कहा था कि डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन भारत के साथ व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “हम व्यापार के अवसर बढ़ाने, नियामकीय बाधाओं को कम करने और भारतीय कंपनियों को अमेरिका में निवेश के लिए प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि दोनों देशों को फायदा मिल सके।”

इससे पहले गोर ने कहा था कि राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका में रिकॉर्ड स्तर पर निवेश आ रहा है। भारतीय कंपनियां टेक्नोलॉजी, मैन्युफैक्चरिंग और फार्मास्युटिकल जैसे क्षेत्रों में 20.5 अरब डॉलर से अधिक का निवेश करने की योजना बना रही हैं।

उन्होंने कहा कि इसमें 6 मई को 1.1 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा करने वाली 12 भारतीय कंपनियां भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, “ये साझेदारियां अमेरिका में वास्तविक रोजगार पैदा कर रही हैं और मजबूत सप्लाई चेन बना रही हैं। यह साबित करता है कि जब दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्र साथ व्यापार करते हैं, तो सभी को फायदा होता है।”

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने 24 अप्रैल को कहा था कि भारत और अमेरिका ने वॉशिंगटन में हाल ही में हुई वार्ता के दौरान बाजार पहुंच, गैर-शुल्क बाधाएं, तकनीकी व्यापार अवरोध, सीमा शुल्क और व्यापार सुविधा, निवेश प्रोत्साहन, आर्थिक सुरक्षा और डिजिटल व्यापार जैसे अहम मुद्दों पर प्रगति की है।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने 20 से 23 अप्रैल के बीच अमेरिकी अधिकारियों के साथ चर्चा की थी।

मंत्रालय के बयान के अनुसार, “बैठकें सकारात्मक और रचनात्मक माहौल में हुईं। दोनों पक्षों के बीच भविष्य को ध्यान में रखते हुए सार्थक चर्चा हुई, जिससे प्रमुख मुद्दों पर प्रगति संभव हो सकी। दोनों देशों ने इस गति को बनाए रखने के लिए लगातार संपर्क में रहने पर सहमति जताई।”

भारत और अमेरिका ने 7 फरवरी को एक संयुक्त बयान जारी कर पारस्परिक और लाभकारी व्यापार के लिए अंतरिम समझौते के ढांचे पर सहमति जताई थी। इस ढांचे में व्यापक भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई गई थी।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button