
रुद्रप्रयाग/उत्तरकाशी/देहरादून। उत्तराखंड में बृहस्पतिवार सुबह से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के जारी रहने से पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में आ गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, औली समेत अनेक जगहों पर बर्फबारी दर्ज की गयी है, जबकि बदरीनाथ के आसपास की ऊंची पहाड़ियों जैसे नीलकंठ पर्वत और नर-नारायण पर्वतों पर हिमपात होने की सूचना है।
बदरीनाथ धाम में भी बर्फ गिरने की संभावना जतायी गयी है। रुद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ धाम में सुबह से बर्फबारी हो रही है जिसके चलते तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ गयी। अधिकारियों ने बताया कि बदलते मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस और प्रशासनिक टीम को तैनात किया गया है और उनके द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
केदारनाथ में बर्फबारी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अलर्ट
रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा केदारनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने तथा अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की गयी है।
बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान
जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए एक परामर्श जारी किया गया है जिसमें उनसे ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, समय-समय पर गर्म पेय पदार्थों का सेवन करने, ठंड में अधिक समय तक न रुकने, अस्वस्थ महसूस करने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने, बच्चों एवं बुजुर्गो का विशेष ध्यान रखने, प्रतिकूल मौसम में अनावश्यक जोखिम न उठाने तथा प्रशासन द्वारा जारी मौसम संबंधी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गयी है।
गंगोत्री धाम में बिछी बर्फ की सफेद चादर
गंगोत्री धाम में तेज बर्फबारी के कारण चारों तरफ बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। हालांकि, बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन और आशीर्वाद के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं। गंगोत्री मंदिर के पुरोहित रवींद्र सेमवाल ने बताया कि यदि मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहा, तो शाम तक धाम में काफी मात्रा में बर्फ जम जाएगी। उन्होंने बताया कि मां गंगा के दर्शन के साथ ही इस मनमोहक और खूबसूरत मौसम का लुत्फ उठाने के लिए देश-विदेश से लगातार श्रद्धालुओं का गंगोत्री पहुंचना जारी है। प्रदेश के अधिकांश निचले स्थानों पर बारिश हो रही है।
देहरादून में सुबह से बारिश, बढ़ी ठंड
देहरादून में सुबह से लगातार बारिश हो रही है जिससे ठंड बढ़ गई है। राजधानी देहरादून में भी सुबह से लगातार बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात और निचले इलाकों में बारिश से प्रदेश में मौसम सर्द हो गया है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों और श्रद्धालुओं को मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर सावधानी बरतने की जरूरत है।



