देशबड़ी खबर

क्रिकेटर युजवेंद्र चहल की राजनीति में एंट्री, बीजेपी में शामिल होते ही मिली बड़ी जिम्मेदारी

नई दिल्लीः क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने राजनीतिक में कदम रख दिया है। युजवेंद्र चहल ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की है। पार्टी में शामिल होते ही उन्हें बीजेपी के नवनिर्मित ‘राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा’ की कार्यकारी समिति में ‘विशेष आमंत्रित सदस्य’ (स्पेशल इनवाइटी) के तौर पर नियुक्त किया गया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उन्हें ये जिम्मेदारी सौंपी है। इससे पहले लेग-स्पिनर युजवेंद्र चहल ने ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष अमरपाल मौर्य से मुलाकात की थी।

बीजेपी की तरफ से बताया गया है कि भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं और उन्हें पार्टी के ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। अमरपाल मौर्य के हस्ताक्षर वाली इस सूची में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के लिए दो अन्य विशेष आमंत्रित सदस्यों के नाम शामिल हैं। ये हैं ओडिशा के प्रोफेसर अद्वैत चरण गड़नायक और उत्तर प्रदेश की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा।

चहल ने जताया पार्टी का आभार

पार्टी में जिम्मेदारी मिलने पर युजवेंद्र चहल ने भाजपा आलाकमान का आभार जताया है। एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में चहल ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य का तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने मुझे भाजपा परिवार में जगह और सम्मान दिया।

इन नेताओं को भी मिली जिम्मेदारी

जानकारी के मुताबिक, बीजेपी ने शनिवार को पार्टी के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चे के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नियुक्ति की। पार्टी के एक बयान के अनुसार, असम के जोगेन मोहन, ओडिशा की ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश के संगम लाल गुप्ता, महाराष्ट्र के बबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली के सतप्रकाश राणा, बिहार के अर्जुन सहनी और उत्तर प्रदेश की संगीता बलवंत बिंद को मोर्चे का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दिल्ली के गजेंद्र यादव, कर्नाटक के प्रमोद मध्वराज और छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर को भाजपा ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया। भाजपा ने ओबीसी मोर्चा के लिए सात नये राष्ट्रीय सचिव और अन्य पदाधिकारी भी नियुक्त किए हैं।

टेस्ट क्रिकेट से ले चुके हैं संन्यास

अभी हाल में ही युजवेंद्र चहल ने फर्स्ट-क्लास/रेड-बॉल (टेस्ट) क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। चहल वनडे और टी20 जैसे व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में खेलना जारी रखेंगे। हरियाणा के रहने वाले 36 वर्षीय लेग-स्पिनर चहल ने साल 2016 में भारत के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। उन्होंने वनडे (ODI) और T20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और वे 2019 क्रिकेट विश्व कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा भी थे। अपनी लेग-स्पिन और मिडिल ओवरों में विकेट चटकाने की क्षमता के लिए मशहूर चहल ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया है। पिछले सीजन में चहल ने पंजाब की टीम के साथ आईपीएल मैच खेला था।

इनपुट- एएनआई और पीटीआई

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button