देशबड़ी खबर

सीतामढ़ी में श्राद्ध भोज के दौरान मौत बनकर घुसी बेकाबू पिकअप, 12 लोगों को कुचला, दो की दर्दनाक मौत, कई गंभीर

बिहार के सीतामढ़ी जिले के परसौनी थाना क्षेत्र के गिसारा गांव में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। श्राद्ध कर्म के भोज की तैयारी के दौरान अचानक एक तेज रफ्तार बेकाबू पिकअप मौत बनकर लोगों की भीड़ में घुस गई। पिकअप ने करीब एक दर्जन लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान गिसारा गांव निवासी 80 वर्षीय योगेश्वर पासवान और डुमरा थाना क्षेत्र के प्रेमनगर निवासी मांझी पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि योगेश्वर पासवान श्राद्ध भोज की तैयारी के दौरान सड़क किनारे बैठे थे। वहीं, मांझी पासवान अपनी बहन की तेरहवीं के भोज में शामिल होने गिसारा गांव पहुंचे थे।

बाइक में टक्कर के बाद चालक से हुआ विवाद, फिर मचाया तांडव
परिजनों के अनुसार, गांव में एक पिकअप से धान उतारा जा रहा था। धान उतारने के बाद चालक गाड़ी को पीछे कर रहा था। इसी दौरान पिकअप बालम कुमार के घर के सामने खड़ी बाइक से टकरा गई। इसको लेकर बालम कुमार और पिकअप चालक के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के बाद चालक मुन्ना बैठा ने पिकअप की रफ्तार तेज कर दी और खुद गाड़ी से कूद गया। इसके बाद बिना चालक की पिकअप तेज रफ्तार में सीधे श्राद्ध भोज की तैयारियों के बीच घुस गई। वहां मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। अचानक पिकअप को अपनी ओर आता देख लोगों में भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे, लेकिन कई लोग गाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

दो की मौत से गांव में मातम, पुलिस ने जब्त की पिकअप
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना की सूचना मिलते ही परसौनी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया है। दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक घटना के बाद गिसारा गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में श्राद्ध कर्म का भोज होना था, वहां पहले से मातम था इस बीच दो लोगों के मौत ने और कोहराम मचा दिया है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button