उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्यलखनऊ

‘दाढ़ी वाला मुसलमान चाहिए या हिंदुत्ववादी अखिलेश’, ओवैसी का आजम खान पर पलटवार

यूपी की सियासत में अब दिलचस्प बयानबाजी होने लगी है। लखनऊ में सामाजिक परिवर्तन मोर्चे की रैली में असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव पर जमकर हमले किए। उन्होंने कहा कि यूपी में मुसलमानों पर जो जुल्म हो रहे हैं, उसके इकलौते जिम्मेदार अखिलेश यादव हैं। ओवैसी ने अखिलेश को चुनौती दी कि वो करहल सीट से किसी मुसलमान को टिकट देकर दिखाएं। AIMIM के चीफ ने इशारों में आजम खान को भी निशाने पर लिया।

दाढ़ी रखना मेरे लिए फक्र की बात- ओवैसी

दरअसल, आजम खान ने ओवैसी की दाढ़ी पर कमेंट किया था। उन्होंने कहा था कि दाढ़ी रखने से कोई मौलाना नहीं हो जाता। ओवैसी ने इस पर जवाब देते हुए कहा कि दाढ़ी रखना उनके लिए फक्र की बात है। ओवैसी ने चुनौती देते हुए कहा कि अब आजम खान को फैसला करना पड़ेगा कि उन्हें दाढ़ी वाला मुसलमान अच्छा लगता है या फिर हिंदुत्ववादी अखिलेश यादव।

सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने फूंका चुनावी बिगुल

गौरतलब है कि एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के चीफ और नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद ने लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में बीते गुरुवार को संयुक्त महारैली करके चुनावी बिगुल फूंक दिया। सामाजिक परिवर्तन मोर्चे की इस रैली में चंद्रशेखर आजाद को सीएम पद का फेस घोषित किया गया। गठबंधन ने यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की।

ओवैसी ने अजमल कसाब का भी जिक्र किया

ओवैसी बोले कि गरीबों और कमजोरों के हक की बात करना अगर किसी को भड़काऊ भाषण लगता है तो वह ऐसी आवाज उठाते रहेंगे। अजमल कसाब का जिक्र करते हुए ओवैसी ने कहा कि जब उसे सजा दी गई तो मुंबई के मुस्लिमों ने भी कहा था कि उसे भारत की जमीन पर दफन नहीं किया जाना चाहिए। इसके बावजूद मुस्लिमों से बार-बार प्रश्न किए जाते हैं।

चंद्रशेखर से ओवैसी ने क्यों किया गठबंधन?

चंद्रशेखर आजाद के साथ अपनी सियासी साझेदारी पर असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि लोग उनसे पूछते हैं कि उन्हें चंद्रशेखर आजाद क्यों पसंद हैं। वह शायराना अंदाज में बोले कि जिस पर दिल आ गया, उस पर क्या कर सकते हैं। दोनों के दिल मिल चुके हैं और अब इस एकजुटता को जमीन पर उतारना है।

जनता किसी को भी सत्ता की कुर्सी पर बैठा सकती है- चंद्रशेखर

वहीं, सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा यूपी से बीजेपी को सत्ता से बेदखल करने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि पब्लिक के पास इतनी ताकत है कि वह अपने वोट से किसी को भी सत्ता की कुर्सी पर बैठा सकती है और किसी को अर्श से फर्श पर ला सकती है। अपने संघर्ष का जिक्र करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि निर्दोष होने के बावजूद उन्हें 16 महीने जेल में काटने पड़े। जेल में उन्हें कई प्रकार की यातनाएं झेलनी पड़ीं। उधर, मायावती को बड़ा नेता बताते हुए इमरान मसूद ने नया दांव चला और कहा कि सपा से गठबंधन नहीं हुआ, तो रास्ते खुले हैं।

(इनपुट- IANS)

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button