
राजस्थान के अलवर जिले में 11वीं कक्षा के छात्र की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो दिन से लापता छात्र तुषार कुमार का शव नौगवां थाना क्षेत्र में पहाड़ियों के पास बरामद हुआ। शव पर गहरी चोटों के निशान मिले हैं, वहीं गोली लगने की भी पुष्टि हुई है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच तेज कर दी है।
दर्ज कराई गई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के भूगोर गांव निवासी तुषार कुमार दो दिन पहले अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने सदर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
संदिग्ध दोस्तों से पूछताछ शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुषार की कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन की जांच शुरू की। जांच में उन दोस्तों की पहचान की गई, जो आखिरी बार तुषार के साथ देखे गए थे। फिलहाल पुलिस संदिग्ध दोस्तों से पूछताछ कर रही है।
गोली लगने के मिले सबूत
इसी बीच नौगवां थाना क्षेत्र में पहाड़ियों के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। पहचान करने पर शव तुषार कुमार का निकला। शव पर गंभीर चोटों के निशान और गोली लगने के सबूत मिलने के बाद मामला हत्या का सामने आया।
दोस्तों के साथ हो गया था लापता
मृतक के मामा विनीत कुमार ने बताया कि तुषार अचानक अपने दोस्तों के साथ लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
माता-पिता का था इकलौता संतान
तुषार 11वीं कक्षा का छात्र था और अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसके पिता टेंट का व्यवसाय करते हैं। इकलौते बेटे की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की टीम ने सभी एंगल पर शुरू की जांच
सदर थाना पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश या दोस्तों के बीच किसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हत्या के कारणों और आरोपियों का खुलासा किया जाएगा।



