
मुंबई। मुंबई में शुक्रवार को एक धमकी भरे ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी। बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस ईमेल में बॉम्बे हाईकोर्ट, महालक्ष्मी रेसकोर्स और बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के आवास ‘जलसा’ को निशाना बनाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। एहतियात के तौर पर तीनों स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया, हालांकि कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
ईमेल मिलते ही अलर्ट हुई पुलिस
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को बॉम्बे हाईकोर्ट को धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था। इसमें अदालत परिसर के साथ महालक्ष्मी रेसकोर्स और अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित आवास जलसा पर हमले की चेतावनी दी गई थी। धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
तीनों जगहों पर की गई तलाशी
धमकी मिलने के बाद पुलिस ने बॉम्बे हाईकोर्ट, महालक्ष्मी रेसकोर्स और अमिताभ बच्चन के आवास जलसा में सुरक्षा जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी के दौरान किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद भी सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं।
धमकी भरे ईमेल की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस धमकी भरे ईमेल की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ है। घटना के बाद संबंधित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।



