
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और केंद्र शासित प्रदेश का ”पूर्ण राज्य का दर्जा” बहाल करने की मांग उठाई। प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा कीं।
इसके बाद में अब्दुल्ला ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को ”लगातार 12 साल” पद पर बने रहने की ”ऐतिहासिक” उपलब्धि पर बधाई भी दी। अब्दुल्ला ने पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने सहित जम्मू-कश्मीर से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की।
राज्य का पूर्ण दर्जा जम्मू-कश्मीर में एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा
राज्य का दर्जा जम्मू-कश्मीर में एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना हुआ है और सभी दल केंद्र पर बिना किसी और देरी के अपना वादा निभाने का दबाव बना रहे हैं। सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि पार्टी मानसून सत्र के पहले दिन नयी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करेगी। यह प्रदर्शन जम्मू-कश्मीर को तत्काल पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने और उसके संवैधानिक अधिकारों तथा गारंटियों की पुनर्स्थापना की मांग को जोरदार ढंग उठाने के लिए किया जाएगा।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र शासित प्रदेश में ”अर्थव्यवस्था की स्थिति, विकास की गति और पर्यटन को बढ़ावा देने” के मुद्दों पर भी प्रधानमंत्री से विस्तार से बात की। अब्दुल्ला राष्ट्रीय राजधानी में नीति आयोग की शासी परिषद की 11वीं बैठक में शामिल होने आए हैं, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री ने आज दिन में की।



