
मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट दर्ज की गई। बिकवाली के दबाव के चलते बीएसई सेंसेक्स 570.59 अंक यानी 0.79 प्रतिशत टूटकर 71,909.70 अंक पर बंद हुआ। यह सेंसेक्स का 7 अप्रैल 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर है। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक 198.50 अंक यानी 0.88 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,421.95 अंक पर बंद हुआ।
यह निफ्टी का 30 मार्च 2026 के बाद का निचला स्तर है। कारोबारियों के मुताबिक, अक्टूबर में रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा के दौरान रेपो दर में बढ़ोतरी की आशंका से निवेशकों की धारणा कमजोर बनी हुई है। इसका असर व्यापक बाजार पर भी पड़ा। निफ्टी मिडकैप-50 में 1.11 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 में 0.97 प्रतिशत की गिरावट रही।
ऑटो सेक्टर में सबसे ज्यादा दबाव
निफ्टी आईटी को छोड़कर अन्य सभी प्रमुख सेक्टरों के सूचकांक लाल निशान में बंद हुए। निफ्टी ऑटो में सबसे ज्यादा 3.46 प्रतिशत की गिरावट रही। मेटल 2.35 प्रतिशत, मीडिया 2.33 प्रतिशत, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.91 प्रतिशत, एफएमसीजी 1.61 प्रतिशत, केमिकल 1.48 प्रतिशत, रियल्टी 1.46 प्रतिशत और ऑयल एंड गैस इंडेक्स 1.32 प्रतिशत नीचे रहा। एनएसई पर कारोबार करने वाली 3,707 कंपनियों में से 2,572 के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि 1,022 शेयरों में तेजी रही। 113 कंपनियों के शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
सेंसेक्स की 30 में 24 कंपनियां गिरीं
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 24 के शेयर लाल निशान में बंद हुए। मारुति सुजुकी में सबसे ज्यादा 4.59 प्रतिशत की गिरावट रही। महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर 3.27 प्रतिशत और टाटा स्टील 3.01 प्रतिशत टूटा। अडानी पोर्ट्स 2.69 प्रतिशत, आईटीसी 2.56 प्रतिशत, पावरग्रिड 2.23 प्रतिशत और हिंदुस्तान यूनिलीवर 2.17 प्रतिशत नीचे रहे। इटरनल में 1.86 प्रतिशत, एलएंडटी में 1.85 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.81 प्रतिशत और एनटीपीसी में 1.65 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। बीईएल, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, टाइटन, इंडिगो, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल और ट्रेंट के शेयर भी नुकसान में बंद हुए। भारतीय स्टेट बैंक और सन फार्मा के शेयरों में भी गिरावट रही।
इंफोसिस में सबसे ज्यादा तेजी
गिरते बाजार में इंफोसिस का शेयर 4.02 प्रतिशत चढ़कर सबसे ज्यादा लाभ में रहा। टीसीएस में 1.43 प्रतिशत की तेजी रही। कोटक महिंद्रा बैंक और टेक महिंद्रा के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए। हालांकि, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 1.38 प्रतिशत और एचडीएफसी बैंक 1.36 प्रतिशत नीचे रहा।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख
वैश्विक बाजारों में एशिया के प्रमुख बाजारों में तेजी रही। जापान का निक्केई 3.30 प्रतिशत, हांगकांग का हैंग सेंग 0.37 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.31 प्रतिशत बढ़कर बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार के दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.80 प्रतिशत नीचे था, जबकि जर्मनी के डैक्स में 0.04 प्रतिशत की मामूली तेजी रही।



