जीरो टॉलरेंस नीति से पुलिस की वीरता में लगा चार चांद, पदक विजेताओं ने कहा- तकनीक और आधुनिक संसाधनों से मजबूत हुई पुलिसिंग

लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विभिन्न वीरता पदक पाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रदेश में बदलती पुलिसिंग को साझा करते हुए कहा कि वीरता में लगा चार चांद जीरो टॉलरेंस नीति की देन है। अत्याधुनिक संसाधनों और तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल से पुलिस की कार्यक्षमता मजबूत हुई है। अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई से उनमें पुलिस का भय और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। पुलिसकर्मियों ने सम्मान को अपने और परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया।
हरदोई के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सम्मान को गर्व का पल बताया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पुलिसिंग में काफी बदलाव आया है और अपराधियों में पुलिस का डर बढ़ा है। राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित रितुल कुमार वर्मा ने कहा कि करीब 15-16 वर्षों की सेवा में उन्होंने पुलिसिंग का बदलता स्वरूप देखा है। वर्तमान में पुलिस के काम करने का माहौल पहले से बेहतर हुआ है।
कार्रवाई की स्वतंत्रता से दिखा असर
एसटीएफ वाराणसी यूनिट के इंस्पेक्टर अमित श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री वीरता पदक मिलना उनके और परिवार के लिए खुशी का क्षण है। उन्होंने कहा कि पुलिस को काम करने की स्वतंत्रता और प्रभावी कार्रवाई का परिणाम अपराधियों में भय के रूप में दिखाई देता है। संभल में सीओ के पद पर तैनात कुलदीप कुमार ने कहा कि सम्मान मिलना गौरव की बात है। पुलिस ने समय के साथ खुद को बदला है और तकनीक का इस्तेमाल बढ़ा है। उन्होंने मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका असर पुलिसिंग में दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री से पदक मिलना गौरव
एसटीएफ मुख्यालय लखनऊ के इंस्पेक्टर घनश्याम यादव ने कहा कि पदक मिलना उनके लिए बेहद गर्व का क्षण है। एसटीएफ में तैनात अंगद सिंह यादव ने कहा कि अच्छे कार्य के लिए मिला सम्मान उनके और परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। धर्मेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में डर और जनता में सुरक्षा की भावना बढ़ी है। उन्होंने पुलिस सुधारों के साथ पुलिसकर्मियों के आवास और मूलभूत सुविधाओं में सुधार का भी उल्लेख किया। वहीं उपनिरीक्षक अजय वर्मा ने कहा कि पुलिसकर्मी अधिक प्रभावी ढंग से अपना कार्य कर पा रहे हैं।



