अन्य

डिजिटल लाइब्रेरी की मांग लेकर डीएम से मिले यूथ क्लबों के सदस्य

16 वर्षीय रागिनी राज्यलक्ष्मी सिंह ने किया प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व, छात्राओं को मार्शल आर्ट प्रशिक्षण दिलाने का भी आश्वासन

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

आर.के. भट्ट

पडरौना, कुशीनगर।

नगर में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना और छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को विभिन्न यूथ क्लबों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी संजय चौहान से उनके कैंप कार्यालय में मुलाकात की। कक्षा 11 की 16 वर्षीय छात्रा एवं तीन यूथ क्लबों की संस्थापक रागिनी राज्यलक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने युवाओं की शैक्षिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सर्वसुविधायुक्त डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने इस पहल की सराहना करते हुए डिजिटल लाइब्रेरी की मांग पर सकारात्मक रुख अपनाया और छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट प्रशिक्षण दिलाने का जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।

 

रागिनी राज्यलक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में संचालित यूथ क्लब पिछले कई महीनों से नगर के हनुमान इंटर कॉलेज, उदित नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज और स्यो बाई कमला देवी टिबड़ेवाल इंटर कॉलेज में सक्रिय हैं। इन क्लबों में 150 से अधिक छात्र-छात्राएं जुड़कर अपनी समस्याओं, विचारों और भविष्य से जुड़ी जरूरतों पर चर्चा करते हैं। क्लब की बैठकों में हुए विचार-विमर्श के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के समक्ष युवाओं के लिए डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने का प्रस्ताव रखा।

 

ज्ञापन में मांग की गई कि पडरौना में एक कॉमन डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जाए, जहां युवाओं को एक ही छत के नीचे अध्ययन की आधुनिक सुविधाएं मिल सकें। इसमें तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से संबंधित पुस्तकों, संदर्भ पुस्तकों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन तैयारी के लिए वाई-फाई युक्त कंप्यूटर उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही पुस्तकालय परिसर में उपयोग के लिए मोबाइल और टैबलेट की सुविधा देने तथा छात्राओं के अध्ययन के लिए सुरक्षित समय निर्धारित करने की मांग भी की गई।

 

जिलाधिकारी संजय चौहान ने यूथ क्लबों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित करते हैं और उन्हें समाजहित में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।

 

इस अवसर पर हनुमान इंटर कॉलेज से श्रेया जायसवाल, मांडवी सिंह और सोनम केसरी तथा उदित नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज से आराधना सिंह, अंशिका वर्मा, रत्ना कुशवाहा, अदिति पांडेय और राबिया तबस्सुम सहित अन्य छात्राएं उपस्थित रहीं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button