अन्य

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी विवाद के बीच अयोध्या से सीएम योगी का पहला बयान, ‘500 वर्षो का संघर्ष, 15 दिन और देख ले’ चिंता मत करो!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए रामभक्‍तों को भरोसा दिया कि एसआईटी जांच दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी। राम मंदिर के लिए 500 वर्षों के संघर्ष का इतिहास दोहराते हुए योगी ने कहा कि हम लोगों के पूर्वजों ने पांच सौ वर्षों तक प्रभु राम के स्‍थान को लेने के लिए संघर्ष किया है तो 15 दिन और देख लो, चिंता मत करो।”

अयोध्‍या में भगवान श्रीराम मंदिर में दान पात्र और वित्‍तीय प्रबंधन में गड़बड़ी का मामला आने के बाद पहली बार अयोध्‍या के दौरे पर शुक्रवार को पहुंचे योगी आदित्‍यनाथ ने लखनऊ के मंडलायुक्‍त के नेतृत्‍व में पिछले दिनों एक तीन सदस्‍यीय एसआईटी का गठन किया है। योगी ने राम भक्‍तों को भरोसा देते हुए कहा कि ”मेरी सभी राम भक्‍तों से अपील होगी कि अयोध्‍या के बारे में जो समाचार पत्रों में सुनने को मिला, हम लोगों ने ट्रस्‍ट के अनुरोध पर एसआईटी जांच बिठाई है, इस बात के लिए कह सकता हूं कि एसआईटी जांच दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेगी।”

मुख्‍यमंत्री ने कहा, ”इसमें कोई संदेह नहीं है। लेकिन मैं सभी से अनुरोध करूंगा, सभी पक्षों से कहूंगा कि कोई भी ऐसी अनर्गल टिप्‍पणी और बातें न हो जो राम भक्‍तों की भावनाओं को आहत करती हो। अगर किसी के पास कोई साक्ष्‍य है तो कृपया एसआईटी को उपलब्‍ध करा दें।” मुख्यमंत्री ने कहा, ”राम भक्‍तों से कहना चाहूंगा कि प्रभु राम ने हमें मर्यादा का पाठ पढ़ाया है, मर्यादित रहने का आचरण दिया है और उस मर्यादा का पालन करते हुए हम लोगों के पूर्वजों ने पांच सौ वर्षों तक प्रभु राम के स्‍थान को लेने के लिए संघर्ष किया है तो 15 दिन और देख लो, चिंता मत करो।”

योगी ने कहा कि पर, आप अयोध्‍या को बदनाम करने और राम जन्‍म भूमि मंदिर को अपमानित करने वालों के बहकावें मे कतई न आएं। ये लोग कभी न चाहेंगे कि अयोध्‍या का काम हो, ये कभी नहीं चाहेंगे कि अयोध्‍या का सम्मान हो, क्‍योंकि ये लोग खुद क्षमताविहीन थे।

मुख्‍यमंत्री योगी ने पूर्वतर्वी सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा क्‍यों लगवाते, उनको कब्रिस्‍तान की चारदीवारी की सोच से फुर्सत नहीं थी, वे वीरांगना की प्रतिमा कैसे लगवा सकते थे। योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा कह रही है कि राम भक्‍तों का अपमान हो गया, तब क्‍या राम भक्‍तों का अपमान नहीं हो रहा था जब आपके नेता उच्‍चतम न्‍यायालय में बेशर्मी के साथ शपथ पत्र दाखिल करती थी कि ”राम थे ही नहीं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज प्रभु श्री राम की प्राणप्रिय नगरी श्री अयोध्या धाम की पावन धरा पर आस्था, संस्कृति, संत परंपरा और विकास के विविध आयाम एक साथ साकार रूप में दिखाई देंगे। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि वीरांगना झलकारी बाई की गौरवगाथा को नमन करते हुए उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।

योगी भगवान मुनिसुव्रतनाथ पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में भी शामिल हुए। इसके साथ ही पूज्य महंत श्री नृत्य गोपाल दास महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर संत समाज का सान्निध्य प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि रामायण वैक्स म्यूजियम और विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास के माध्यम से विरासत और विकास के संकल्प को नई अभिव्यक्ति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने दी 368 विकास परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या को विकास की बड़ी सौगात दी। नगर निगम की कुल 291 करोड़ रुपये लागत वाली 245 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 47 परियोजनाओं का लोकार्पण व 198 नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मां कामाख्या धाम में 123 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण

रुदौली विधानसभा क्षेत्र स्थित मां कामाख्या धाम नगर पंचायत में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मां कामाख्या देवी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ विशाल जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री क्षेत्र की 123 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे।

विधायक रामचंद्र यादव के साथ मंडलायुक्त राजेश कुमार, डीआईजी सोमेन वर्मा, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने तैयारियों का जायजा लिया। कार्यक्रम में पांच हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है। मां कामाख्या मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य मनोज मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहली बार मां कामाख्या धाम पहुंच रहे हैं। रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने बताया कि 72 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 51 परियोजनाओं का शिलान्यास प्रस्तावित है।

रामायण वैक्स म्यूजियम में मुख्य समारोह

मुख्य समारोह अयोध्या के काशीराम कॉलोनी के निकट स्थित रामायण वैक्स म्यूजियम परिसर में आयोजित होगा। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित की जाने वाली 47 परियोजनाओं पर लगभग 25.31 करोड़ रुपये की लागत आई है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री लगभग 264 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 198 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें माझा जमथरा क्षेत्र में पंपिंग स्टेशन का निर्माण, जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कच्चे नालों का निर्माण, पार्किंग सुविधाओं का विकास, 74 बेड के वर्किंग वुमन हॉस्टल का निर्माण, 17.83 करोड़ रुपये की लागत वाला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तथा कुशमाहा सहित विभिन्न स्थानों पर तालाब, पार्क, सड़क और यात्री निवास जैसी जनोपयोगी परियोजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अयोध्या महानगर क्षेत्र की चुनिंदा एक हजार हस्तियों को आमंत्रित किया गया है।

डीएम के एक निर्देश के बाद बढ़ी धुकधुकी

मुख्यमंत्री शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। हमेशा की तरह हनुमानगढ़ी के बाद रामलला का दर्शन पूजन करने पहुंचे। इस दौरान ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को मुख्यमंत्री से सीधे संपर्क से दूर कर दिया गया है। इस कदम से चढ़ावे में कथित घपले के आरोपियों और उनसे जुड़े लोगों की धुकधुकी बढ़ गई है। एसआईटी द्वारा चंपत राय व ट्रस्ट सदस्य डॉ अनिल मिश्र के बयान दर्ज किए जाने के बाद माना जा रहा है कि अब तक हुई जांच में टीम को कुछ ऐसे पुख्ता सबूत मिले हैं कि जो चढ़ावे में घपले के आरोप को बल दे रहे हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में वर्तमान में 15 पदाधिकारी हैं, 16वें सदस्य विमलेंद्र प्रताप मोहन मिश्र का निधन होने से उनकी जगह अभी रिक्त है। श्रीराम मंदिर की व्यवस्था को तीन पदाधिकारी संभालते हैं। इनमें महासचिव चंपत राय, सदस्य डॉ. अनिल मिश्र व विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल जी राव शामिल हैं, जबकि अन्य सिर्फ बैठकों में ही शामिल होते हैं। घपला को लेकर ही इनसे पूछताछ की जा रही है।

टिन्नू की पत्नी की सफाई, हमें बदनाम किया जा रहा

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के बाद उनकी पत्नी पूनम यादव सामने आईं। उन्होंने कहा- 50 कमरे, हॉस्टल, होटल और लग्जरी गाड़ियों जैसी बातें पूरी तरह गलत हैं। हमें बदनाम किया जा रहा। यह पति को फंसाने की साजिश है। अगर कोई सबूत है तो दिखाएं। चढ़ावा चोरी के बाद टिन्नू सुर्खियों में हैं। पत्नी से पहले टिन्नू खुद भी सामने आए और वीडियो जारी किया था। टिन्नू को ट्रस्ट महासचिव चंपत राय का करीबी माना जाता है। दावा किया जा रहा कि उनके घर से ट्रस्ट की जांच टीम ने सोना बरामद किया था। हालांकि, इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। इस बात काे टिन्नू भी वीडियो जारी कर अपनी सफाई दे चुके हैं। हालांकि अभी एसआईटी की जांच जारी है।

डॉ अनिल मिश्र को भी सीएम से दूर रहने की हिदायत

सूत्रों के अनुसार ट्रस्ट सदस्य डॉ अनिल मिश्र को भी मौखिक रूप से मुख्यमंत्री के सामने न पड़ने की हिदायत दी गई है। प्रशासनिक सूत्रों ने इसे सुरक्षा और प्रोटोकॉल का मामला बताते हुए मुख्यमंत्री के दौरे से पहले किसी भी विवादास्पद व्यक्ति को उनके निकट आने नहीं देने का फैसला लिया है।

अयोध्या में चंपत राय से नहीं मिले सीएम योगी

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की चल रही जांच के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या का दौरा कर कई परियोयजनाओं का लोकार्पण किया। विवाद को देखते हुए प्रशासन ने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल न होने और उनकी जगह ट्रस्ट का कोई अन्य प्रतिनिधि भेजने का सुझाव दिया है।

अभी तक एसआईटी के रडार पर पांच लोग

अभी तक एसआईटी की पूछताछ और जांच में ट्रस्ट के पांच कर्मी लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, शिवम पांडेय, अभिषेक दूबे और रत्नेश दूबे के नाम आए हैं। सूत्रों के अनुसार नकदी आदि बरामद भी की गई है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को घेरा

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि राम मंदिर में आस्था के नाम पर हुई लूट की सच्चाई देश के सामने लाई जाए। श्रीराम जन्मभूमि से जुड़े आर्थिक लेन-देन और भूमि खरीद मामलों में सामने आ रही जानकारियां अत्यंत गंभीर हैं। संगठित अनियमितता की ओर संकेत करती है। यह केवल आर्थिक पारदर्शिता का मामला नहीं है, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़ा विषय है। वह यहां पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि स्थित रामलला के दर्शन एवं पूजन के साथ हनुमानगढ़ी में भी मत्था टेककर प्रदेश और देश की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

अयोध्या पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने किया दर्शन-पूजन

उन्होंने संघ और भाजपा को घेरा। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन और उससे जुड़े आर्थिक मामलों पर गंभीर प्रश्न उठाए। आरोप लगाया कि शिलापूजन एवं जनसहयोग के नाम पर देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं से भारी धनराशि एकत्र की गई, लेकिन आज तक उस धन का पारदर्शी और सार्वजनिक हिसाब देश के सामने नहीं रखा गया। कहा कि लगभग 14 सौ करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के संबंध में जवाबदेही तय होनी चाहिए। चढ़ावा मामले में कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) अपनी रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर सार्वजनिक करे।

कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि जांच की जिम्मेदारी ऐसे अधिकारी को सौंपी गई है, जिनकी निष्पक्षता को लेकर पहले से ही प्रश्न उठ रहे हैं। बोले कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी और देश की आस्था से जुड़े हर प्रश्न का जवाब मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी। इसके पूर्व जिलाध्यक्ष चेत नरायन सिंह और महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम की मौजूदगी में सहादतगंज में उनका जोरदार स्वागत किया गया। पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, जिला प्रवक्ता शीतला पाठक ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को सम्मानित किया। प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करने वालों में पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, राम दास वर्मा, दयाशंकर तिवारी सहित सैकड़ों की संख्या मे लोग थे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button