हर घर नल-जल योजना की खुदाई बनी खतरा, सड़क क्षतिग्रस्त होने से दुर्घटना की आशंका

आर के भट्ट
पडरौना, कुशीनगर ।
केंद्र एवं प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर नल-जल योजना के तहत नगर पालिका परिषद पडरौना के वार्ड संख्या 25 परशुराम नगर अंतर्गत ग्राम पलिया में पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई तो कर दी गई, लेकिन उसकी समुचित मरम्मत नहीं कराई गई। इससे सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है और स्थानीय लोगों के लिए दुर्घटना का खतरा पैदा हो गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कुछ समय पहले ही सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन जलापूर्ति योजना के तहत पाइप डालने के लिए उसे जगह-जगह खोद दिया गया। पाइप बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत ठीक ढंग से नहीं की गई, जिसके कारण सड़क पर गड्ढे और ऊबड़-खाबड़ हिस्से बन गए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार क्षतिग्रस्त सड़क के कारण अब तक दो से अधिक लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है। उनका सवाल है कि यदि किसी व्यक्ति को गंभीर चोट आती है या कोई बड़ा हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
स्थानीय निवासी वीरेंद्र मिश्र, झब्बर मिश्र, कुंदन मिश्र, संजय मिश्र सहित अन्य लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जनसुविधा उपलब्ध कराने वाली योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचने पर उनकी समयबद्ध मरम्मत भी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि आम जनता को परेशानी और दुर्घटनाओं का सामना न करना पड़े।



