अन्य
महिला पत्रकारों से मारपीट के विरोध में पत्रकारों ने सौंपा ज्ञापन प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की उठाई मांग
ख्वाजा एक्सप्रेस दैनिक समाचार पत्र पोर्टल यूट्यूब चैनल - शोहरत गढ़।। महिला पत्रकारों से कथित मारपीट के विरोध में पत्रकारों ने सौंपा ज्ञापन प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की उठाई मांग। कैम्पियरगंज। दिल्ली में दो महिला पत्रकारों के साथ पुलिस कर्मियों द्वारा कथित मारपीट की घटना के विरोध में सोमवार को इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के तहसील अध्यक्ष देवेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पत्रकारों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन कैम्पियरगंज एसडीएम आलोक रंजन सिंह को सौंपा। ज्ञापन में पत्रकारों ने घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की। संगठन ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार या मारपीट की घटनाएं प्रेस की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंता का विषय हैं। पत्रकारों ने पीड़ित महिला पत्रकारों को न्याय एवं आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही देशभर में पत्रकारों, विशेषकर महिला पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की। ज्ञापन में समाचार संकलन और सवाल पूछने के दौरान पत्रकारों को अनावश्यक उत्पीड़न से बचाने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की गई। एसोसिएशन ने राष्ट्रपति से मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आग्रह किया। इस मौके पर जिला अध्यक्ष राकेश कुमार मिश्र, सचिन यादव, सतीश पासवान, अनिल यादव, वीरेंद्र पाण्डेय, अजय अग्रहरि, राकेश चौरसिया, अरुण कुमार, राममिलन कचेर, मनीष कचेर, धर्मेंद्र साहनी, पवन कुमार, दयानंद, इंद्रजीत पाल, सत्येंद्र यादव आदि रहे।





