
अररिया जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर नगर में जा गिरी। स्कॉर्पियो गाड़ी में कुल 7 लोग सवार थे, जिसमें से 6 लोगों की मौत हो गई। एक घायल व्यक्ति का इलाज चल रहा है। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोग सुपौल के थुमहा गांव के रहने वाले थे। एक साथ 6 लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है।
नहर में गिरी स्कॉर्पियो, 6 लोगों की मौत
ये घटना देर रात की है। स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग सुपौल जिले के रहने वाले थे। ये किसी सिकटी के भपटीया में आयोजित तिलक समारोह से लौट रहे थे। अचानक से कार का संतुलन बिगड़ा और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे मरिया नहर में जा गिरी। ये हादसा इतना भयावह था कि गाड़ी में सवार लोगों को संभलने तक का मौका तक नहीं मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन की सक्रियता से राहत और बचाव कार्य किया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जेसीबी से कार को निकाला गया
पुलिस के पहुंचने तक स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने रस्सी की मदद से नदी में डूबी स्कॉर्पियो को बांधा। जब पुलिस पहुंची तो जेसीबी की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया। कार के ऊपर आते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्परता से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया। इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की जान चली गई, सभी का पोस्टमाॉर्टम कराया गया है। वहीं एक घायल व्यक्ति का इलाज किया जा रहा है।
मृतकों में चार नाबालिग
दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान सुपौल जिले के थुमहा गांव के रहने वाले 28 साल के कुंदन यादव, 22 साल के मुन्ना कुमार, 20 साल के आदित्य, 16 साल के यश कुमार, 15 साल के आर्यन और 15 साल के सौरभ के रूप में हुई है। मृतकों में चार नाबालिग हैं। शादी वाले घर में इस घटना के बाद मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



