
कोलकाता: इस वक्त की बड़ी खबर पश्चिम बंगाल से सामने आ रही है। राज्य सरकार ने प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। दरअसल, पश्चिम बंगाल सरकार ने ‘भोरशा कर्मसूची’ योजना के तहत राज्य के बेरोजगार युवाओं के लिए बेरोजगारी भत्ता शुरू करने का ऐलान किया है। जानकारी के मुताबिक राज्य सरकार जनवरी से बेरोजगार स्नातकों और सरकारी व्यावसायिक संस्थानों व आईटीआई (ITI) से डिप्लोमा प्राप्त करने वाले बेरोजगार युवाओं को 2,000 रुपये का मासिक भत्ता देगी। यह जानकारी खुद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दी है।
3000 रुपये तक बढ़ाया जाएगा भत्ता
सीएम शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि इस योजना के तहत बेरोजगार गैर-स्नातकों को हर महीने 1,500 रुपये मिलेंगे। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के घोषणापत्र में किए गए वादे के अनुसार, 2028-29 वित्तीय वर्ष से इन भत्तों को बढ़ाकर क्रमशः 3,000 रुपये और 2,000 रुपये कर दिया जाएगा। पात्र उम्मीदवारों की आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। बता दें कि ‘भोरशा कर्मसूची’ ने पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार की ‘युवसाथी’ योजना की जगह ली है।
लाभार्थियों के सत्यापन का चल रहा काम
कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “हम युवाओं से कुछ समय तक धैर्य रखने की अपील करते हैं, क्योंकि हमने कई नई योजनाएं शुरू की हैं, बकाया राशि का भुगतान किया है और बड़ी वित्तीय जिम्मेदारियां ली हैं। हम अपना वादा पूरा करेंगे।” उन्होंने बताया कि पिछली सरकार की योजना के तहत पहले से मौजूद 54 लाख लाभार्थियों के सत्यापन का काम 31 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। जिन लोगों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे ‘अपना सरकार अपना पाशे’ (Apnar Sarkar Apnar Pashe) कार्यक्रम के माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इन आवेदनों को युवा कल्याण विभाग के पास भेज दिया जाएगा।
परिवार के दो लोग ही उठा सकते हैं लाभ
बता दें कि यह भत्ता हर महीने के दूसरे सप्ताह में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेज दिया जाएगा। फरवरी में एक कार्यक्रम के जरिए इस योजना को औपचारिक रूप से लॉन्च किया जाएगा। एक परिवार से अधिकतम दो लोग ही इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। साथ ही, जो लोग ‘अन्नपूर्णा योजना’ के तहत 3,000 रुपये का मासिक भत्ता ले रहे हैं, वे इसके लिए पात्र नहीं होंगे। (इनपुट- PTI)



