खेल-खिलाड़ी

दूसरा टेस्ट: पड्डिकल की बैक-टू-बैक सेंचुरी, पहले दिन भारत ने जड़ा ‘तिहरा शतक’

कोलंबो। भारत ने श्रीलंका के खिलाफ सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में जारी दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन शानदार बल्लेबाजी की। मेहमान टीम ने देवदत्त पड्डिकल की शतकीय पारी के दम पर दिन की समाप्ति तक 85 ओवरों का सामना करते हुए 5 विकेट गंवाकर 300 रन बना लिए हैं।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए सलामी जोड़ी के रूप में यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने 37 रन की साझेदारी की। केएल राहुल 33 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इसके बाद देवदत्त पड्डिकल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने जायसवाल के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 66 के स्कोर तक पहुंचाया। जायसवाल अर्धशतक से महज 5 रन दूर रह गए। उन्होंने 53 गेंदों में 9 चौकों के साथ 45 रन की पारी खेली।

यहां से कप्तान शुभमन गिल ने पड्डिकल के साथ तीसरे विकेट के लिए 120 रन जुटाकर टीम को 186 के स्कोर तक पहुंचाया। गिल ने 108 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौकों के साथ 50 रन बनाए।

ऋषभ पंत पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। वह सिर्फ 3 ही रन बना सके थे। पारी के 58वें ओवर की पहली ही गेंद पर लाहिरू कुमारा की गेंद उनकी बाएं हाथ की कलाई पर लगी, जिसके बाद पंत को तेज दर्द के कारण मैदान छोड़ना पड़ा। उस समय भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज 15 गेंदों का ही सामना कर सके थे।

रवींद्र जडेजा, पंत के स्थान पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने पड्डिकल के साथ 74 रन जोड़े। पड्डिकल 193 गेंदों में 12 चौकों के साथ 117 रन बनाकर आउट हुए। इससे पिछले मैच में पड्डिकल ने 167 रन की शतकीय पारी खेली थी।

भारत को 296 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। इसके बाद टीम के खाते में सिर्फ 15 ही रन जुड़ सके थे कि जडेजा भी अपना विकेट गंवा बैठे, जिन्होंने टीम इंडिया के खाते में 43 रन का योगदान दिया। दिन की समाप्ति तक ध्रुव जुरेल 7 रन, जबकि सारांश जैन 4 रन बनाकर नाबाद रहे।

मेजबान श्रीलंका की तरफ से असिथा फर्नांडो 46 रन देकर 3 विकेट हासिल कर चुके हैं। वहीं, लाहिरू कुमारा और केशरा नुवानथा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया है।

भारतीय टीम इस मैच में यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, सारांश जैन, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ उतरी है।

वहीं, श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन में लाहिरू उदारा, कामिल मिशारा, पसिंदु सोरियाबंदरा, कामिंडु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशर नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा और असिथा फर्नांडो शामिल हैं।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button