उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

सपा की देश के संविधान में आस्था नहीं, उन्हें सिर्फ निगेटिव एजेंडा चलाना है : भूपेंद्र चौधरी

  • अखिलेश यादव पर बीजेपी का तीखा हमला, पीडीए से लेकर रैली रद्द होने तक घेरा
  • असली पीडीए भाजपा की केंद्र से लेकर प्रदेश तक की सरकारों में है: हंसराज विश्वकर्मा

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों को लेकर योगी सरकार के मंत्रियों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने तीखा हमला बोला है। नेताओं ने सपा पर नकारात्मक राजनीति करने और चुनावी हार के लिए ईवीएम, पुलिस-प्रशासन तथा संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। साथ ही अखिलेश यादव के पीडीए के दावे और सपा की रैली रद्द होने को लेकर भी निशाना साधा।

कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की आस्था देश के संविधान में नहीं है। सपा को सिर्फ निगेटिव एजेंडा चलाना है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में हुई गुंडागर्दी, अराजकता, बेईमानी और भाई-भतीजावाद को जनता भलीभांति जानती है। सपा चुनाव जीतने पर इन मुद्दों की चर्चा नहीं करती, लेकिन हारने पर ईवीएम, पुलिस-प्रशासन और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है।

राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में विकास के साथ विरासत की भी सुरक्षा हो रही है। इसी वजह से अखिलेश यादव के पेट में दर्द हो रहा है। असली पीडीए भाजपा की केंद्र से लेकर प्रदेश तक की सरकारों में है।

सपा नेता हताश, कानून व्यवस्था से लोगों में विश्वास

यूपी अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मोहसिन रजा ने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया और तमाम नेता हताश हैं। योगी सरकार ने कानून व्यवस्था की स्थिति बेहतर कर लोगों में विश्वास पैदा करने का काम किया है। उन्हें लगता है कि यह समाजवादी पार्टी का अंतिम चुनाव है और पीडीए कोई नई पार्टी बनने जा रही है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि सत्ता से बाहर जाते ही सपा की पर्ची-खर्ची बंद हो गई, इसलिए आज उसे पीडीए याद आ रहा है। सपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में चौरसिया, शाक्य और कुशवाहा समाज का अपमान होता है।

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही सपा नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ रहा है। जेन-जी की बात करने वाले अखिलेश यादव अपने शासनकाल में अपराधियों और माफियाओं पर मेहरबान थे। सपा सरकार में एक जिला-एक माफिया की पहचान बन गई थी। आज प्रदेश की जनता पर्ची-खर्ची नहीं, बल्कि सुशासन और विकास चाहती है और 2027 में भी जनता विकास व सुशासन के साथ भाजपा के पक्ष में खड़ी होगी।

सपा की रैली रद्द होने पर भी घेरा

अखिलेश यादव की रैली रद्द होने को लेकर भी योगी सरकार के मंत्रियों ने उन्हें आड़े हाथों लिया। मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव जाना नहीं चाहते होंगे, इसलिए बहाना बना रहे हैं। पास में ही जेवर एयरपोर्ट है और वहां से जाने का विकल्प मौजूद था। इसके अलावा वहां छह लेन का हाईवे भी है। मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि अखिलेश यादव पहले कार्यक्रम जारी करते हैं और फिर खुद ही उसे रद्द कर देते हैं। अखिलेश यादव कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने को लेकर निराधार आरोप लगा रहे हैं।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि कार्यक्रम की अनुमति जिला प्रशासन देता है, सरकार नहीं। भाजपा सरकार में किसी को भी अपने कार्यक्रम करने से नहीं रोका जाता। यदि कोई कार्यक्रम कर ही नहीं पाए तो इसमें भाजपा की क्या गलती है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button