
चंडीगढ़, 23 सितंबरः
प्रदेश में चल रहे अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 246वें दिन पंजाब पुलिस ने आज राज्य भर में गैंगस्टरों के साथियों के पहचाने गए और मैप किए गए 596 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ – पंजाब को गैंगस्टर मुक्त प्रदेश बनाने के लिए निर्णायक जंग, जो 20 जनवरी, 2026 को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा शुरू की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के तालमेल से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्य भर में विशेष कार्रवाइयां कर रही हैं।
246वें दिन, पुलिस टीमों ने आठ हथियारों सहित 249 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 73,130 हो गई है।
इसके अलावा 174 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई की गई है। पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान 8 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।
लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के द्वारा वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों की गुप्त रूप से रिपोर्ट कर सकते हैं और अपराध तथा आपराधिक गतिविधियों के बारे में सूचना भी दे सकते हैं।
इस दौरान, पुलिस टीमों ने नशों के विरुद्ध अपने अभियान ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ को 571वें दिन भी जारी रखते हुए 117 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से 20.3 किलो हेरोइन, 2 किलो अफीम, 15 किलो भूक्की, 737 नशीली गोलियां और 500 रुपये ड्रग मनी बरामद की। इसके साथ केवल 571 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या 79,463 तक पहुंच गई है। नशा छुड़ाऊ अभियान के हिस्से के रूप में, पंजाब पुलिस ने आज 21 व्यक्तियों को नशा छुड़ाऊ और पुनर्वास उपचार करवाने के लिए प्रेरित किया है।



