पंजाबराज्य

कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा द्वारा मॉनसून से पहले सीवरेज की समय पर सफाई, सख्त निगरानी और रिपोर्टिंग के निर्देश

चंडीगढ़, 30 अप्रैल, 2026:

उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, बिजली और स्थानीय निकाय से संबंधित कैबिनेट मंत्री श्री संजीव अरोड़ा ने आज सभी नगर निगम कमिश्नरों और अतिरिक्त उपायुक्तों (जी एंड यूडी) को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में सीवरेज सिस्टम की समय पर और योजनाबद्ध तरीके से सफाई तथा गाद (कीचड़) निकालने को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मॉनसून सीजन से पहले तैयारियों पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि यदि समय पर गाद नहीं निकाली जाती, तो शहरी क्षेत्रों में जलभराव हो जाता है, सीवर ओवरफ्लो होने लगते हैं, यातायात बाधित होता है और लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थितियों से बचने और ड्रेनेज प्रणाली के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय कदम उठाए जाने चाहिए।

श्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि सीवर की सफाई और गाद निकालने के लिए पहले ही ठेके दिए जा चुके हैं और सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे कार्य तुरंत शुरू करें और मॉनसून शुरू होने से पहले निर्धारित समय-सीमा के भीतर इन्हें पूरा करें। उन्होंने निचले और जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

सीवर से समय पर गाद निकालने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि इससे वर्षा के पानी का निर्बाध प्रवाह सुनिश्चित होता है, भारी बारिश के दौरान जलभराव के जोखिम में काफी कमी आती है और सीवर लाइनों के ओवरफ्लो को रोका जा सकता है, जिससे शहरों में स्वच्छता बनी रहती है। यह डेंगू, मलेरिया और हैजा जैसी जलजनित बीमारियों के प्रसार को कम करने में भी सहायक है।

सीवरेज की नियमित सफाई से इसके बुनियादी ढांचे की समग्र कार्यक्षमता लंबे समय तक बनी रहती है। इससे सड़कों और सार्वजनिक संपत्ति को खड़े पानी से होने वाले नुकसान से बचाया जा सकता है। यह सुचारू यातायात सुनिश्चित करता है और बारिश के दौरान होने वाली असुविधाओं को कम करता है। इससे विशेषकर घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्रों में बेहतर जनस्वास्थ्य और स्वच्छता सुनिश्चित की जा सकती है। सफाई संबंधी समस्याओं के अग्रिम समाधान से आपातकालीन रखरखाव पर होने वाले खर्चों में भी कमी आती है।

मंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों की सख्त और निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जवाबदेही पर जोर देते हुए उन्होंने प्रगति और की गई कार्रवाई के बारे में विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द उनके कार्यालय में जमा करने के आदेश दिये।

राज्य के नागरिकों की भलाई के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए श्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए, जिससे यह यकीनी बनाया जा सके कि  आगामी मॉनसून सीजन के दौरान पंजाब के लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button