“एक पेड़ मां के नाम” : एसपी विक्रान्त वीर ने पर्यावरण दिवस पर दिया हरियाली का संदेश

- पुलिस लाइन में हुआ त्रिवेणी और औषधीय पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ
गौरव कुशवाहा
देवरिया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद देवरिया के पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने गुरुवार को पुलिस लाइन परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया। इस दौरान उन्होंने त्रिवेणी (पीपल, बरगद, नीम) तथा औषधीय गुणों से भरपूर आंवले के पौधों का रोपण कर समाज को प्रकृति के साथ सामंजस्य की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान एसपी विक्रान्त वीर ने कहा, “जिस तरह मां हमें जीवन देती है, उसी तरह पेड़ हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं। आज जब पूरी दुनिया जलवायु संकट के दौर से गुजर रही है, तब वृक्षारोपण केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि एक जरूरी कर्तव्य बन चुका है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि मानवजनित पर्यावरणीय समस्याओं का समाधान भी मानव चेतना और जिम्मेदारी से ही संभव है।

पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को पर्यावरण सुरक्षा की शपथ दिलाई और कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब हम उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का दायित्व भी निभाएं। उन्होंने कहा कि जनपद में समय-समय पर पुलिस विभाग द्वारा हरित अभियान, जीरो प्लास्टिक कार्यक्रम, कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण और जन-जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जाते रहे हैं और आगे भी यह क्रम जारी रहेगा।
इस मौके पर प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने हेतु सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल पौधरोपण, बल्कि समाज को प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और जैव विविधता की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी रहा।



