प्रदेशभर में संविधान गौरव दिवस मनाएगी भाजपा

- अपने-अपने क्षेत्रों में छात्रों के साथ संवाद करेंगे सांसद
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस मनाएगी। लखनऊ के भागीदारी भवन में गुरूवार को संविधान गौरव दिवस के तहत जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही भाजपा प्रदेश के सभी जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के योगदान का स्मरण करते हुए कृतज्ञ नमन करेगी।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रभारी दिलीप पटेल ने बताया कि इस कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मुख्य वक्ता के रूप में भाग लेंगे। प्रबुद्ध जनसंवाद के साथ ही संविधान प्रदर्शनी, संविधान पर आधारित झांकियों के माध्यम से बाबा साहेब के योगदान को जनसामान्य के बीच लेकर पहुंचेगी। जिला स्तर पर बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पार्चन के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठन होगा।
दिलीप पटेल ने बताया कि पार्टी के सांसद 26 नवंबर से 29 नवंबर के बीच उच्च शिक्षण संस्थाओं में पहुंचकर छात्रों के साथ संवाद करेंगे और भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के संविधान निर्माण में योगदान, उनके विचारों तथा राष्ट्रनिर्माण में उनके कालजयी योगदान को लेकर संवाद करेंगे।
अभियान के प्रभारी दिलीप पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा 2015 से प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस मना रही है। संविधान के महत्व, उसके मूल्यों एवं संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों पर चर्चा करते हुए उनके अतुल्नीय योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही है।



